Exclusive: केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल ने जमकर सुनाई खरी-खरी, उद्योगों की उलझनों के पीछे खुद नेशनल चैम्बर, अध्यक्षों ने फोटो खिंचाने के सिवा कुछ नहीं किया, होटलों के खाली रहने की बात में दम नहीं || नेताओं के सोशल मीडिया शौक को भी लिया आड़े हाथ, छोटी-छोटी बातों की लूटते हैं वाहवाही || मुख्य न्यायाधीश सिफारिश करें तभी बढ़ेगा खंडपीठ का मामला, यमुना बैराज पर मुख्यमंत्री से हुई वार्ता
आगरा, 23 मई। केंद्रीय राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद प्रो एसपी सिंह बघेल यूँ तो अपनी वाकपटुता के लिए पहचाने जाते हैं, लेकिन शुक्रवार की रात्रि एक कार्यक्रम में अलग ही अंदाज में नजर आए उन्होंने न केवल उद्यमियों को आईना दिखाया बल्कि बड़ी बेबाकी से साथी राजनेताओं की खिंचाई करने से नहीं चूके।
संजय प्लेस स्थित एक होटल में नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के सदस्यों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने जहां वर्तमान अध्यक्ष मनोज बंसल द्वारा उद्योगों के विषय को विस्तार से रखे जाने की प्रशंसा की, वहीं यह कहने से भी नहीं चूके कि अधिकांश पूर्व अध्यक्षों ने अपने कार्यकालों में मंत्रियों के साथ फोटो खिंचाने से अधिक कुछ नहीं किया। जो ज्ञापन आदि देकर आए उसकी फोटो मीडिया या सोशल मीडिया में दे दी, फिर आगे पैरवी नहीं की। चैंबर पदाधिकारियों ने भी भारत विकास परिषद जैसी संस्थाओं की तरह सालभर की गतिविधियों का रिकॉर्ड रखना शुरू कर दिया है। साल के अंत में इन गतिविधियों का प्रचार-प्रसार किया जाता है कि कार्यकाल में कितने मंत्रियों और अधिकारियों से मुलाकात की गई।
उन्होंने पुरजोर तरीके से कहा कि ताज ट्रिपेज़ियम जोन में वर्तमान में उद्योगों को जो समस्याएं आ रही हैं, उसके पीछे स्वीकार करना चाहिए कि नेशनल चैंबर खुद एक बड़ा कारण है। चैंबर द्वारा सुप्रीम कोर्ट में लगाई गई याचिका ही उद्योगों के लिए बड़ी बाधा बनी। हालांकि इस पर चैंबर अध्यक्ष मनोज बंसल ने तुरंत सफाई दी कि उस याचिका पर "नॉट प्रेस" लिख दिया गया है।
एयरपोर्ट के मुद्दे पर प्रो बघेल ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट आगरा से एक-डेढ़ घंटे की दूरी पर होने का लाभ आगरावासियों को ही अधिक मिलेगा।
बैठक में मौजूद होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों को इंगित करते हुए उन्होंने कहा, "होटल व्यवसाई शहर में पर्यटकों के न रुकने का रोना रोते रहते हैं, लेकिन जब कभी मैं अपने परिचितों के लिए होटलों में कमरा बुक कराने का प्रयास करता हूं तो वे हमेशा रूम खाली न होने की बात कह देते हैं। इसके दो ही मतलब हो सकते हैं या तो वे मेरे परिचितों को रूम देना नहीं चाहते या फिर वास्तव में होटल फुल रहते हैं। यदि होटलों में पूरी बुकिंग हो रही है तो फिर यह रोना क्यों? सातों दिन तो भिखारी को भी पूरी भीख नहीं मिलती उसे भी एक न एक दिन भूखा रहना पड़ता है।"
उद्यमियों और व्यापारियों को खरी-खरी कहने के बाद उन्होंने राजनेताओं की ओर भी निशाना साधा और कहा, "शहर के विकास की मुझे भी चिंता है लेकिन मैं अन्य नेताओं की तरह छोटे-छोटे कार्यों का प्रचार नहीं करता। कुछ ऐसे नेता भी हैं जो चुनावों में बमुश्किल जीत पाए और आज वे छोटे-छोटे प्रयासों का सोशल मीडिया पर ढोल पीटते हैं, अपने लोगों से रीट्वीट, फॉलो करने को कहते हैं और लोगों पर दवाब बनाकर अपने होर्डिंग लगवाते हैं।"
बघेल ने कहा कि दो दिन पहले ही वे लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट करके आए हैं, शिष्टाचार तो केवल औपचारिकता होती है, असल में वे जनहित के कार्यों को कराने के लिए मुख्यमंत्री से मिले थे, उन्होंने यमुना नदी पर बैराज निर्माण की प्रगति को लेकर बात की। यह जनता से जुड़ा बड़ा मुद्दा है लेकिन उन्होंने दूसरे नेताओं की तरह इसका सोशल मीडिया पर प्रचार नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों को वृहद रूप देने की योजना बना रही है, इसका पता चलते ही वह प्रदेश के मुख्य सचिव से आगरा के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान को इस योजना में शामिल कराने के लिए प्रयास करने का अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन यह जानकारी सोशल मीडिया पर साझा नहीं की।
उन्होंने पूर्व जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधा और कहा कि आगरा के एक पूर्व सांसद का दस वर्षों का अधिकांश समय दिल्ली या मुम्बई में बीतता था, लोगों को उनसे मिलने दिल्ली ही जाना पड़ता था। जबकि मैं अधिकांश समय आगरा में ही रहता हूं और कभी-कभी दिल्ली जाता हूं।
उन्होंने सुझाव दिया कि उद्योगों को लेकर प्रदेश के विभिन्न विभागों की समस्याओं पर अलग-अलग दौड़ लगाने की बजाय प्रदेश की मुख्य सचिव से मुलाकात तय की जाए और उसी दौरान संबंधित विभागाध्यक्षों को भी बुलवा लिया जाए। इसके लिए वे मुख्य सचिव से बात कर तिथि तय कर लेंगे। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी से बात करने का आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि टीटीजेड में शामिल होने के बाद यदि मथुरा के उद्योगों को कोई सुविधा मिल रही है तो वह आगरा को क्यों नहीं मिल सकती, इसकी पैरवी करेंगे।
आगरा में उच्च न्यायालय की खंडपीठ की वर्षों पुरानी मांग को लेकर कहा कि इसकी एक विधिक प्रक्रिया है। पहले हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को खंडपीठ की आवश्यकता बताते हुए राज्य सरकार और राज्यपाल को सिफारिश करनी होती है। प्रदेश सरकार और राज्यपाल इसका अनुमोदन करने के बाद केंद्र सरकार को सिफारिश भेजते हैं। बघेल ने कहा कि वे कुछेक मुख्य न्यायाधीशों से बात भी कर चुके हैं, लेकिन अड़चनें दूर नहीं हो पा रही हैं।
डॉ पारिख को दी थी किडनैपर ने धमकी, मैंने कहा- सेल्फ डिफेंस में गोली मार दूंगा : बघेल
केंद्रीय राज्य मंत्री बघेल ने एक प्रसंग की चर्चा के दौरान कई साल पहले हुई घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, उस समय चिकित्सकों को किडनैप की धमकी दिए जाने के कई मामले हुए थे। शहर के बुजुर्ग होम्योपैथी चिकित्सक डॉ आरएस पारिख को भी किसी ने किडनैप की धमकी दे दी थी। फोन पर धमकी देने वाले ने अगले दिन 12 बजे फिर फोन करने की बात कही थी। डॉ पारिख ने यह जानकारी देते हुए मुझे बुला लिया। मैं अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर पहुंच गया। ठीक बारह बजे किडनैपर का फिर फोन आया तो डॉ पारिख ने किडनैपर से मेरी बात कराई। किडनैपर ने मुझे भी धमकाने का प्रयास किया लेकिन मैंने धमकी में आए बिना कह दिया कि कानून जानता हूं सेल्फ डिफेंस में तुम्हारी जान भी ले सकता हूं। तब किडनैपर को समझ में आया कि किससे पाला पड़ गया।
आगरा से बनेगी विधानसभा चुनावों की भूमिका
कार्यक्रम में प्रो एसपी सिंह बघेल ने यह भी खुलासा किया कि यूपी में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी की भूमिका आगरा की धरती से ही आगे बढ़ने जा रही है। दरअसल उन्होंने उद्यमियों से सक्रिय सहयोग देने के लिए 21 जून तक का समय मांगा। उद्यमियों ने इतने अंतराल के बारे में जानना चाहा तो उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान के निर्देश पर 21 जून को महारानी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर ताजनगरी में वृहद कार्यक्रम होना प्रस्तावित है, इस आयोजन में देशभर से लोग जुटेंगे। हालांकि पिछले वर्ष ही महारानी अहिल्याबाई होलकर को तीन सौवीं जयंती पर बड़े कार्यक्रम हुए थे, लेकिन पार्टी के निर्देश पर इस साल भी वृहद स्तर पर कार्यक्रम करने की तैयारी है। उन्होंने इशारों में कहा कि यह विधानसभा चुनावों के मद्देनजर किया जा रहा है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments