Agra News: खबरें आगरा की.....
भाजपा प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने दिये वैचारिक ऊर्जा मंत्र
आगरा, 23 मई। भारतीय जनता पार्टी के प्रतापपुरा स्थित रमाना ग्रैंड में हुए दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग में 268 परीक्षार्थियों ने विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण लिया।
प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, वर्ग प्रभारी नागेन्द्र सिकरवार, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, शिव शंकर शर्मा, प्रमोद गुप्ता ने किया।
पार्टी पदाधिकारियों के त्याग, बलिदान और परिश्रम को दर्शा रही प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया। इस दौरान राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महापौर आगरा हेमलता दिवाकर भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहा एक वैचारिक संगठन है। द्वितीय सत्र में प्रदेश सह संयोजक शिक्षक प्रकोष्ठ यादवेंद्र प्रताप सिंह ने वैचारिक अधिष्ठान पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। तृतीय सत्र को क्षेत्रीय महामंत्री नागेन्द्र सिकरवार, चतुर्थ सत्र को प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान ने संबोधित किया। सांस्कृतिक संध्या में सुधीर नारायण की टीम ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
सांसद राजकुमार चाहर, विधायक धर्मपाल सिंह, भानु महाजन, अरुण पाराशर, हेमेंद्र शर्मा, नवल तिवारी, यादवेंद्र प्रताप सिंह, दीपक खरे, महानगर महामंत्री महेश शर्मा, महामंत्री नीतेश शिवहरे, महामंत्री हेमंत भोजवानी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
_______________________________________
दवा कारोबारी किसी के बहकावे में न आएं
आगरा, 23 मई। महानगर केमिस्ट एसोसिएशन ने एक बयान में दवा विक्रेताओं से कहा है कि जो व्यापारी गलत काम नहीं करते हैं, वे किसी के बहकावे में आक्र दुकानें बंद न करें।
अध्यक्ष आशीष शर्मा और महामंत्री अश्वनी श्रीवास्तव द्वारा जारी बयान में कहा गया कि सर्वे के लिए आई हुई टीम ने जिन लोगों पर कार्यवाही की वे ही अफवाह फैला रहे हैं कि जिसकी दुकान खुली रहेगी उस पर टीम कार्यवाही करेगी। संस्था के पदाधिकारियों ने बाजार में जाकर व्यापारियों से आहवान कर दुकानें खुलवाई और सभी को बताया कि सर्वे टीम सिर्फ उन लोगों के पास सर्वे करेगी जिनके नाम उनकी लिस्ट में हैं। बाकी सभी लोग बेफिक्र होकर अपनी दुकान खोलें। उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है
_______________________________________
यमुना किनारा रोड पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग
आगरा, 23 मई। रिवर कनेक्ट अभियान के संयोजक ब्रज खंडेलवाल ने पुलिस आयुक्त को भेजे एक पत्र में
यमुना किनारा मार्ग पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि इस रोड पर लड्डू गोपाल से यमुना आरती स्थल तक विशेषकर पुलिस चौकी के सामने तथा आंबेडकर पुल के नीचे स्थित जेब्रा क्रॉसिंग पर, प्रतिदिन यमुना भक्तों, वरिष्ठ नागरिकों, साइकिल चालकों और पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में अत्यंत कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
हाथी घाट से जीवनी मंडी क्रॉसिंग तक का क्षेत्र पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए भय और असुरक्षा का मार्ग बन गया है। एक ओर बंदरों के आतंकी समूह हैं, दूसरी ओर तेज रफ्तार भारी वाहन। ऐसे में वे लोग, जो पेट्रोल बचाने, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन शैली के लिए पैदल चलना या साइकिल चलाना पसंद करते हैं, रोज जोखिम उठाने को मजबूर हैं।
पत्र में इस क्षेत्र में शाम के समय यातायात पुलिस की नियमित तैनाती, स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षित रोड क्रॉसिंग हेतु आवश्यक व्यवस्था कराने की मांग की गई।
_______________________________________
कुटुंब संस्था आयोजित करेगी “किड्स संस्कार एक्टिविटी क्लास
आगरा, 23 मई। कुटुंब संस्था द्वारा आयोजित किए जा रहे “किड्स संस्कार एक्टिविटी क्लास” का शनिवार को पोस्टर विमोचन किया गया।
सचिव तपस्या सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन, बड़ों का सम्मान, भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों का ज्ञान देना भी अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य के साथ ग्रीष्मकालीन अवकाश (मई–जून) के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बच्चों के लिए यह विशेष संस्कार शिविर आयोजित किए जाएंगे।
यह द्विदिवसीय “क्लास विशेष रूप से 4 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए तैयार की गई है। शिविर कमला नगर, दयालबाग, ट्रांस यमुना, लॉयर्स कॉलोनी, सिकंदरा, आवास विकास, खंदारी में आयोजित किए जाएंगे।
नीतू अग्रवाल ने बताया गया कि शिविर की सभी आवश्यक सामग्री आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी तथा समापन पर बच्चों को “सनातन किट” एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में हर्षिता जैसवाल, आकांक्षा, पारुल, रीना, सोनाली अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।
_______________________________________
बीमा पेंशनर्स की समस्याओं पर विचार-विमर्श
आगरा, 23 मई। जनरल इंश्योरेंस पेंशनर्स एसोसिएशन नॉर्दर्न जोन की यूनिट की बैठक शनिवार को वाटरवर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित की गई। बैठक में बीमा क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन, मेडिकल सुविधाओं एवं अन्य समस्याओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के पदाधिकारी विजय कुमार मलिक, सचिव प्रदीप मेहरोत्रा, कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता, सह कोषाध्यक्ष कृष्ण कन्हैया अग्रवाल द्वारा की गई।
दंत चिकित्सक डॉ. तरुण महाजन ने सभी को दांतों के सुरक्षित रखने एवं बीमारियों के बचाव के लिए अपना व्याख्यान दिया। सभी पेंशनर्स ने एक स्वर में आवाज उठाई कि जिस प्रकार सरकार ने व्यक्तिगत मेडिक्लेम पॉलिसी से जीएसटी को मुक्त किया है, उसी प्रकार ग्रुप मेडिकल पॉलिसी को भी जीएसटी से मुक्त किया जाए।
बैठक में पेंशनर्स के हितों की रक्षा एवं उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई। इस दौरान राजीव गुप्ता, के के जैन, मुकेश चतुर्वेदी, प्रभुदत्त उपाध्याय, अरुण सिंह, कल्याण सिंह, विष्णु गर्ग, नारायण चांदनी, विष्णु स्वरूप, गुरुदास, अनिल अग्रवाल, अनिल एतवानी, राजीव सत्संगी आदि अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
_______________________________________
फ्लड लाइट्स में होगी 'मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग'
आगरा, 23 मई। 'आगरा हॉकी मास्टर फ्यूजन प्रीमियर लीग' 25 मई से 29 मई तक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, सदर बाजार में खेली जाएगी। प्रतिदिन दो मुकाबले शाम सात बजे और रात आठ बजे से पहली बार 'दूधिया रोशनी' में होंगे।
आयोजन सचिव राजीव सोई ने बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए भी अनूठा रोमांच होगा। प्रत्येक गोल होने पर 'बॉन फायर' जलाकर जश्न मनाया जाएगा। लीग की नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस महाकुंभ में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। ये टीमें शारदा शार्क, प्रेम मोटर्स, योद्धा फ्लिकर्स, रॉयल एनफील्ड जर्मन होम्यो, बंसल हैशटैग हैं। 25 मई को प्रतियोगिता का ओपनिंग सेरेमनी होगी।
_________________________________________
नवागत एडीजीपी भगत ने किए बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन
वृंदावन, 23 मई। आगरा जोन के नवागत एडीजीपी एसके भगत शनिवार को वृंदावन स्थित श्री बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे। उन्होंने दर्शन-पूजन किया। मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने उन्हें विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई और अंगवस्त्र, प्रसाद भेंट किया।
एडीजी के प्रथम आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। इस दौरान डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पांडे और एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। इससे पूर्व एडीजी को पर्यटक थाने में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने थाने का निरीक्षण भी किया। इसके बाद वे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के लिए रवाना हो गया।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments