सनसनीखेज: आगरा के आयकर भवन में निरीक्षक की सातवीं मंजिल से गिरकर मौत, डिप्रेशन के शिकार थे सुरेश चंद मौर्य
आगरा, 07 मई। संजय प्लेस स्थित आयकर भवन में गुरुवार को दर्दनाक घटना में एक निरीक्षक ने सातवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतक आयकर निरीक्षक सुरेश चंद मौर्य काफी समय से डिप्रेशन के शिकार थे और उनका इलाज भी चल रहा था। प्रथमद्रष्टया माना जा रहा है कि उन्होंने वहां से कूदकर जान दी। घटना का पता चलते ही पूरे आयकर विभाग में सनसनी फैल गई।
आयकर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सायंकाल करीब सवा छह बजे घटी। बताया गया है कि आयकर कर्मी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन के तहत गुरुवार को कार्य बहिष्कार पर थे और अधिकांश लोग दोपहर बाद तक जा चुके थे।
सुरेश चंद मौर्य सायं करीब छह बजे आयकर कार्यालय पहुंचे। सुरक्षा गार्डों ने उन्हें विभागीय कर्मी जानकर अंदर जाने दिया। कुछ ही देर बाद एक गार्ड शौचालय में लघुशंका ले लिए गया तो उसने लिफ्ट के सामने जमीन पर सुरेश चंद मौर्य को जमीन पर मृत पड़े पाया। उसने तुरंत साथी गार्डों और आयकर अधिकारियों को खबर दी। सूचना मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
सातवीं मंजिल पर सुरेश चंद मौर्य को चप्पलें पड़ी मिलीं। इससे माना जा रहा है कि सुरेश पहले सातवीं मंजिल तक गए और अनुमान है कि लिफ्ट के सामने सीढ़ियों के बीच से नीचे छलांग लगा दी। बताया गया है कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची थाना हरिपर्वत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
48 वर्षीय सुरेश चंद मौर्य पश्चिमपुरी के निकट बृज द्वारिका कालोनी के निवासी थे। वे 28 वर्ष से आयकर विभाग में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments