शिल्पग्राम पार्किंग मैनेजर ने रची लूट की झूठी कहानी, कंपनी के 2.87 लाख रुपये गंवा दिए सट्टे में

आगरा, 07 मई। ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम पार्किंग के मैनेजर ने कंपनी की रकम ऑनलाइन सट्टे में हारने के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी गढ़ डाली। थाना ताजगंज पुलिस की सख्त पूछताछ में इसका खुलासा हुआ। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट में वादी के हवाले से कहा गया कि उनकी कंपनी ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम पार्किंग का ठेका संचालित करती है। कंपनी के आगरा कार्यालय में करन नामक युवक मैनेजर के पद पर कार्यरत था। विगत तीन मई को कंपनी की ओर से करन को दो लाख, 87 हजार रुपये बैंक में जमा कराने के लिए दिए गए थे। लेकिन काफी समय गुजरने के बाद भी रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं हुई। जब कंपनी अधिकारियों ने करन से पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। न ही उसने रकम वापस की। 
इसके बाद कंपनी को गबन की आशंका हुई और थाना ताजगंज में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को कई बिंदुओं पर करन की कहानी संदिग्ध लगी। गुरुवार को पुलिस ने कांशीराम आवास के पास से करन समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी करन पुत्र स्व. रमेश, दिल्ली निवासी है। भूदेव पुत्र सोवरन सिंह, मलपुरा, आगरा और राहुल पुत्र नरेश, मलपुरा, आगरा निवासी हैं। 
पूछताछ में मुख्य आरोपी करन ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से ऑनलाइन गेम और आईपीएल मैचों में सट्टा लगा रहा था। सट्टेबाजी के चक्कर में उसने कंपनी की रकम गंवा दी। जब पैसे वापस करने का कोई रास्ता नहीं बचा तो उसने अपने साथियों भूदेव और राहुल के साथ मिलकर फर्जी लूटकांड की साजिश रच डाली।
योजना के तहत विगत चार मई को करन ने पुलिस को सूचना दी कि एडीए हाइट्स के पास दो अज्ञात बदमाशों ने उसकी गाड़ी रोक ली और बैग लूटकर फरार हो गए। शुरुआत में पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया, लेकिन जांच के दौरान घटनास्थल, समय और बयान में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो पूरी कहानी झूठी निकली। तीनों आरोपी गबन की गई रकम का आपस में बंटवारा करने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments