एक लाख रुपये में हो रही सफाई कर्मियों की भर्ती-आरोप लगाते हुए भाजपा पार्षद ने शर्ट उतारकर नगर निगम सदन में दिया धरना || सफाई अव्यवस्था पर अन्य पार्षदों का भी जमकर हंगामा || कांग्रेसियों ने गेट पर धरना दिया
आगरा, 11 मई। नगर निगम में सोमवार को सामान्य सदन के दौरान सत्ताधारी पार्टी भाजपा के लिए असहज स्थिति उत्पन्न हो गई, जब उसी के एक पार्षद अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शर्ट उतार कर धरने पर बैठ गए।
धरने पर बैठे भाजपा पार्षद हरिओम बाबा ने कहा कि नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। अधिकारियों द्वारा एक लाख रुपये लेकर सफाई कर्मियों की भरती की जा रही है। यही नहीं, 15 ऐसे कर्मचारी हैं, जो आगरा नगर निगम से वेतन लेने के साथ ही फिरोजाबाद नगर निगम से भी वेतन ले रहे हैं।
सदन में मौजूद महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा पार्षद हरिओम बाबा के शर्ट उतार कर धरने पर बैठने पर नाराज दिखीं। उन्होंने हरिओम बाबा के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए नगरायुक्त को निर्देश भी दिए।
सामान्य सदन में पूरे समय नाले और सीवर की सफाई का मुद्दा छाया रहा। पार्षदों ने सफाई व्यवस्था पर करीब एक घंटे तक हंगामा काटा। अधिकारियों को नालों की जानकारी न होने पर पार्षद भड़क गए। मेयर ने भी कह दिया कि जवाब नहीं है तो अधिकारी सदन में न बैठें।
बैठक में आगरा कॉलेज के सामने बनी मजार का मुद्दा भी उठा। इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। मजार के मुद्दे पर पार्षद सोहेल कुरैशी ने कहा, मजार सड़क पर नहीं है। मजार कई वर्षों से वहीं है। सड़क का दायरा बढ़ता गया तो मजार सड़क पर आई।
इस पर महापौर ने कहा कि इसे सदन में हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा न बनाएं। सभी विभाग के अधिकारी एक साथ बैठकर मसौदा बनाएं। सभी की सहमति से निर्णय निकाला जाए, जिससे किसी को परेशानी न हो और शहर के विकास में रुकावट न आए।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने अधिकारियों से कहा कि जब भी किसी वार्ड में सफाई हो, उसकी जानकारी पहले पार्षद को दें। साथ ही कहा कि भरतपुर से होकर यमुना में गिरने वाली नहर-12 की पूरी सफाई होनी चाहिए। उचित यंत्रों का प्रयोग करें। नाइट क्लीनिंग पर भी जोर दें। जहां अतिक्रमण है, अधिकारी को बताएं और दो दिन का समय दें। अतिक्रमण हटे, तभी नाली-नालों की सफाई हो सकेगी।
दूसरी ओर शहर की खराब सफाई व्यवस्था और सड़कों में गड्ढों के विरोध में कांग्रेसियों ने भी नगर निगम पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा गेट बंद कर दिए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। उन्होंने भजन गाकर और हनुमान चालीसा का पाठ कर अपने विरोध को आवाज दी।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments