आठ दिन में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
नई दिल्ली, 23 मई। आठ दिन के भीतर देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीसरी बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। शनिवार की सुबह से पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। लगातार तीसरी बार कीमतें बढ़ने से परिवहन खर्च और जरूरी सामानों की कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के चलते देश भर में खुदरा पेट्रोल की कीमतों में लगभग ₹5.00 प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने मई 2026 में तीन बार कीमतों में संशोधन किया। 15 मई को (₹3.00/लीटर), 19 मई को (₹0.90/लीटर), और नवीनतम संशोधन 23 मई को (लगभग ₹0.87/लीटर)।
पेट्रोल और डीजल महंगे होने का सबसे बड़ा असर आम लोगों की जेब पर पड़ता है। निजी वाहन चलाने वालों का खर्च बढ़ेगा। डीजल महंगा होने से ट्रक, बस और माल ढुलाई का खर्च भी बढ़ सकता है। इसका असर सब्जियों, फल, दूध और रोजमर्रा के सामानों की कीमतों पर दिखाई दे सकता है। अगर आने वाले दिनों में भी कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहीं, तो महंगाई और बढ़ सकती है।
दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद इसकी नई कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल 91 पैसे महंगा होकर 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल बना हुआ है। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण तेल सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है। इसका सीधा असर भारत जैसे देशों पर पड़ रहा है, जो बड़ी मात्रा में कच्चा तेल आयात करते हैं। पिछले कुछ दिनों में वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं। इसी वजह से तेल कंपनियों ने खुदरा ईंधन कीमतों में फिर बढ़ोतरी की है।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments