शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और व्यस्त चौराहों पर ग्रीन नेट लगाना शुरू

आगरा, 22 मई। भीषण गर्मी और लू के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और व्यस्त चौराहों पर ग्रीन नेट लगाना शुरू कर दिया है।
खबरों के अनुसार, नगर निगम द्वारा ताजमहल पूर्वी गेट, अमर होटल चौराहा, आगरा कैंट रेलवे स्टेशन तथा नगर निगम परिसर में ग्रीन नेट लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक और आम नागरिक पहुंचते हैं, ऐसे में छांव की व्यवस्था से लोगों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अगले एक-दो दिनों में आईएसबीटी, पंचकुइया चौराहा, बोधला चौराहा, कारगिल चौराहा तथा जीवनी मंडी चौराहे पर भी ग्रीन नेट लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। 
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
नगर निगम के मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव का कहना है कि निगम प्रशासन शहर में लगातार राहत कार्यों पर जोर दे रहा है। पहले ही सड़कों पर पानी का छिड़काव, सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था और हरियाली को बचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। ग्रीन नेट लगाने से लोगों को बड़ी राहत मिल सकेगी। इस बार सुरक्षा कारणों के चलते ट्रैफिक पुलिस द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण एमजी रोड स्थित प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट नहीं लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां अनुमति और तकनीकी स्थिति अनुकूल है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है।
____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments