कोल्ड स्टोरेज कंपनी में निवेश के नाम पर मुम्बई के व्यापारी से साढ़े सात करोड़ की धोखाधड़ी!
आगरा, 17 मई। मुंबई निवासी व्यवसायी ने कोल्ड स्टोरेज कंपनी में निवेश के नाम पर आगरा के चार लोगों के खिलाफ करीब 7.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) टीम के रविवार को यहां थाना शमशाबाद क्षेत्र में पहुंचने से हड़कंप मच गया।
मुंबई ईओडब्ल्यू की टीम गांव चितौरा पहुंची और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के घरों पर धारा 82 के तहत नोटिस चस्पा किए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुंबई निवासी व्यवसायी लोकेन्द्र परिहार ने कोल्ड स्टोरेज कंपनी में निवेश के नाम पर करीब 7.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मामले में भगवान सिंह, दिनेश और गौरव समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने बड़े मुनाफे और व्यवसाय विस्तार का झांसा देकर करोड़ों रुपये की रकम हड़प ली।
मुंबई ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया कि आरोपियों को कई बार पूछताछ और कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस भेजे गए थे। इसके बावजूद आरोपी लगातार फरार रहे और अदालत में पेश नहीं हुए। अदालत द्वारा वारंट जारी होने के बाद भी गैरहाजिर रहने पर मुंबई की अदालत ने धारा 82 के तहत कार्रवाई के आदेश दिए।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
इसी क्रम में मुंबई ईओडब्ल्यू की टीम स्थानीय पुलिस के साथ गांव चितौरा पहुंची और आरोपियों के मकानों पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा किए। कार्रवाई के दौरान गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द कोर्ट में उपस्थित होने का अंतिम मौका दिया गया है। यदि इसके बाद भी आरोपी पेश नहीं होते हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क करने समेत अन्य कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments