Agra News-2: खबरें आगरा की -2.....
रोबोटिक ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ एस.एस. खत्री का स्वागत
आगरा, 17 मई। प्रसिद्ध रोबोटिक ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ एस.एस. खत्री के शहर आगमन पर लीडर्स आगरा संस्था द्वारा उनका स्वागत किया गया।
डॉ एस.एस. खत्री रोबोटिक सर्जरी और ऑर्गन ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक के माध्यम से जटिल सर्जरी को अधिक सुरक्षित, सटीक और कम दर्दनाक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी विशेषज्ञता के कारण मरीजों को कम समय में रिकवरी, न्यूनतम रक्तस्राव तथा बेहतर परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। रोबोटिक सर्जरी चिकित्सा विज्ञान की एक आधुनिक तकनीक है, जिसमें अत्यधिक सटीकता के साथ ऑपरेशन किए जाते हैं। इस तकनीक से सर्जरी के दौरान जोखिम कम होता है तथा मरीज को जल्दी स्वास्थ्य लाभ मिलता है।
लीडर्स आगरा परिवार के सुनील जैन ने बताया कि दिल्ली गेट स्थित एक रेस्तरां में सुरेश चंद गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में डॉ खत्री का शाल ओढ़ा कर सम्मान किया और प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर स्वीटी चौहान, डॉ योगी, सुनील बग्गा, डॉ अशोक कुशवाह, आयुषी गुप्ता, रोबिन जैन, अंजली गुप्ता, ऋतुराज दुबे, राहुल जैन, दीपू वर्मा, विनीता जादौन, राजदीप ग्रोवर, प्रभुदयाल सिंह, अवधेश उपाध्यय, पूजा भूमिक, ज्योति बुद्धिराजा, संजय शर्मा उपस्थित थे।
______________________________________
आगरा क्लब में "मे क्वीन बॉल 2026" के ऑडिशन संपन्न
आगरा, 17 मई। आगरा क्लब के डांसिंग हॉल में आगामी "मे क्वीन बॉल 2026" के लिए शनिवार को ऑडिशन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान शहर की कई प्रतिभाओं ने अपनी कला, आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
ऑडिशन के जजमेंट पैनल में कॉर्पोरेट स्किल्स ट्रेनर सुप्रिया तथा प्रसिद्ध लेखक एवं निर्देशक सूरज तिवारी उपस्थित रहे। क्लब के सचिव राहुल पालीवाल ने बताया कि फाइनल राउंड के लिए चयनित प्रतिभागियों को 5 दिनों की निःशुल्क ग्रूमिंग क्लासेस दी जाएंगी, ताकि वे ग्रैंड फिनाले के लिए खुद को पूरी तरह तैयार कर सकें। क्लब के एंटरटेनमेंट डायरेक्टर कर्नल धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि इस ग्रूमिंग सेशन के दौरान प्रतिभागियों को रैम्प वॉक, ब्रेन शार्पनिंग और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट (व्यक्तित्व विकास) की विशेष ट्रेनिंग एक्सपर्ट्स द्वारा दी जाएगी।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
इस दौरान क्लब के समस्त डायरेक्टर ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का ग्रैंड फिनाले 23 मई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिल्ली के प्रोफेशनल मॉडल्स, डांसर्स और एंकर्स अपनी प्रस्तुति देंगे।
______________________________________
लीज डीड पर स्टाम्प शुल्क में दी गई छूट जारी रखने की मुख्यमंत्री से मांग
आगरा, 17 मई। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता के.सी. जैन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर लीज डीड (किरायेदारी अनुबंध) पर स्टाम्प शुल्क में दी गई छूट की अवधि बढ़ाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विगत 19 नवम्बर को जारी अधिसूचना के माध्यम से 6 माह के लिए दी गई यह छूट 18 मई को समाप्त हो रही है, जबकि यह योजना आम जनता, व्यापारियों, उद्योगों तथा किरायेदारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई है। अधिवक्ता जैन ने कहा कि इस निर्णय के बाद बड़ी संख्या में लोग आगे आकर अपनी लीज डीड्स का पंजीकरण कराने लगे। पहले कई लोग अधिक स्टाम्प शुल्क के कारण लिखित एवं पंजीकृत अनुबंध नहीं करा पाते थे, जिससे बाद में मकान मालिक और किरायेदार के बीच विवाद, मुकदमेबाजी तथा अनिश्चितता की स्थिति पैदा होती थी। अब पंजीकृत लीज डीड होने से दोनों पक्षों की शर्तें स्पष्ट रूप से दर्ज हो रही हैं, जिससे भविष्य के विवाद कम होने की संभावना बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शहरी परिसरों की किरायेदारी विनियमन अधिनियम, 2021 के अंतर्गत किरायेदारी समझौते का विवरण एवं उसकी प्रति किराया प्राधिकरण के समक्ष प्रस्तुत करना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, यदि किरायेदारी एक वर्ष से अधिक अवधि की हो तो पंजीकरण अधिनियम, 1908 के अनुसार लीज डीड का पंजीकरण अनिवार्य है। ऐसे में सरकार द्वारा दी गई स्टाम्प शुल्क की छूट लोगों को कानून का पालन करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
पत्र में यह भी कहा गया कि वर्तमान योजना में केवल सीमित वार्षिक किराये तक ही लाभ उपलब्ध है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस योजना का दायरा बढ़ाकर ₹10 लाख से अधिक वार्षिक किराये वाली लीज डीड्स को भी इसमें शामिल किया जाए, ताकि बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान, उद्योग एवं कार्यालय भी इसका लाभ लेकर अपने अनुबंधों का विधिवत पंजीकरण करा सकें। यदि यह योजना आगे भी जारी रहती है तो इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, अवैध एवं मौखिक किरायेदारी व्यवस्था कम होगी, न्यायालयों में विवाद घटेंगे तथा सरकार को दीर्घकाल में अधिक राजस्व भी प्राप्त होगा।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments