यमुना नदी में फिर हादसा, बटेश्वर घाट पर युवक डूबा
आगरा, 25 मई। यमुना नदी में हादसे रुक नहीं पा रहे हैं। सोमवार की बटेश्वर घाट पर नदी में स्नान कर रहा एक युवक अचानक गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में अभियान शुरू किया गया। पूर्वान्ह तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आगरा निवासी युवक अपने दोस्त के साथ गंगा दशहरा पर बटेश्वर धाम पर यमुना नदी में स्नान करने आया था। स्नान के दौरान युवक गहरे पानी की तरफ चला गया और तेज बहाव में डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में गायब हो गया। डूबे युवक का नाम साहिल पुत्र हेत सिंह निवासी श्याम लाल की बगिया, ग्वालियर रोड बताया गया है। वह अपने साथी दीपक के साथ आगरा-इटावा पैसेंजर ट्रेन से बटेश्वर रेलवे हाल्ट पर उतरा था। दोनों मित्र दशहरा पर्व पर भोलेनाथ के दर्शन और यमुना स्नान के लिए बटेश्वर धाम पहुंचे थे। स्नान करते समय साहिल अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथी दीपक द्वारा शोर मचाने पर घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल और पीएसी के जवान मौके पर पहुंचे तथा युवक की तलाश के लिए यमुना नदी में सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कराई। कई घंटों तक यमुना नदी में सर्च अभियान चलता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट पर लगातार चेतावनी दी जा रही थी कि श्रद्धालु गहरे पानी में न जाएं, इसके बावजूद युवक आगे बढ़ गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की तलाश लगातार जारी है।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments