देश में लोगों के वजूद को खरीदने का प्रयास किया जा रहा है - अजय राय || आगरा को देश की राजधानी बनाया जाए - प्रदीप जैन || डबी सरीन को मिला सेठ अचल सिंह नैतिक सदाचारी नागरिक सम्मान

आगरा, 10 मई। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने रविवार को यहां सत्ताधारी भाजपा सरकार पर परोक्ष हमला बोलते हुए कहा कि आज लोगों के वजूद को खरीदने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन मुझ जैसे व्यक्ति को कोई खरीद कर बता दे। आज जो समाज को बर्बाद करने का काम चल रहा है, हम उसके खिलाफ मजबूती से काम करेंगे।
अजय राय माथुर वैश्य महासभा भवन पचकुइयां में सेठ अचल सिंह की 132 वीं जयंती पर आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभी बाबा विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूजा कर माहौल बनाने का प्रयास किया लेकिन मोदी ने ही वाराणसी की विरासत को नष्ट करने का काम किया। लेकिन आज भी समाज ऐसे लोगों के बल पर मजबूती से खड़ा है, जो निस्वार्थ भाव से कम करते हैं।
उन्होंने कहा कि हाल में वे अस्वस्थ होने के बावजूद वे यहां आए हैं, क्योंकि समाज के प्रति सहयोग करने की दृढ़ता है। उन्होंने मदर्स डे का उल्लेख करते हुए मातृ शक्ति की महानता की चर्चा की।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने आगरा को देश की राजधानी बनाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदूषण के कारण गैस का चैंबर बन गई है। ऐसे के आगरा को देश की राजधानी बनाने की मांग पुरजोर तरीके से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा आगरा का विकास रुका हुआ है, विकास के नाम पर लूट हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता इसके खिलाफ संघर्ष शुरू करें।
अचल ट्रस्ट के अध्यक्ष शशिभूषण शिरोमणि ने कहा कि आज देश में हिंदू की बात हो रही है, मैं भी हिंदू हूं लेकिन कट्टरपंथी नहीं हूं। आज देश में नेहरू, गांधी के नाम पर घृणा फैलाने का काम किया जा रहा है, हमें उससे बचना है।
समारोह में उद्यमी और समाजसेवी डबी सरीन का इस वर्ष नैतिक सदाचारी नागरिक के रूप में नागरिक अभिनंदन किया गया। कांग्रेस नेता भारतभूषण, दिनेश शर्मा, प्रदीप पुरी, शशिभूषण शिरोमणि, रमाशंकर शर्मा, राम टंडन ने माला व दुशाला ओढ़ाकर सम्मान किया। मुख्य अतिथि अजय राय, उनकी पत्नी सुधा राय और प्रदीप जैन आदित्य ने उन्हें सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह और 31 हजार रुपये का चेक भेंट किया। संजीव वोहरा ने डबी सरीन का परिचय पढ़ा। डबी सरीन ने अपने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक प्रेरणा के इस प्रकार के सम्मान आवश्यक हैं। व्यक्ति को समाज को देने वाला बनना चाहिए।
इससे पूर्व समारोह के मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय, अध्यक्षता कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने स्वर्गीय सेठ अचल सिंह और स्व. निहाल सिंह जैन के चित्र पर माल्यार्पण किया। माल्यार्पण करने वालों में गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत हरबंस सिंह, अचल ट्रस्ट के अध्यक्ष शशिभूषण शिरोमणि, मंत्री राजीव अग्रवाल, उप मंत्री मनोज वोहरा, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र वोहरा, सम्मानित उद्यमी डबी सरीन भी शामिल थे। कार्यक्रम का बखूबी संचालन हरीश सक्सेना चिमटी ने किया।
प्रारंभ में वरिष्ठ पत्रकार डा गिरजा शंकर शर्मा, समीर चतुर्वेदी, डॉ मधुरिमा शर्मा, डॉ विकास जैन ने भी सेठ अचल सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला। स्वागत के रूप में कलाकारों ने "वैष्णव जन तो तैने कहिए..." भजन और फिर वंदे मातरम भी प्रस्तुत किया। मनोज वोहरा ने मुख्य अतिथि अजय राय का, वीरेंद्र सिंह वीरू ने बुके देकर स्वागत किया। डॉ अशोक शिरोमणि ने प्रदीप जैन आदित्य का, विजय सेठिया ने डबी सरीन का स्वागत किया।
उपमंत्री मनोज वोहरा ने स्वागत भाषण देते हुए अचल ट्रस्ट के कार्यों के बारे में बताया और कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य जनसेवा है। मंत्री राजीव अग्रवाल ने ट्रस्ट की वार्षिक गतिविधियों का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि एक लाख रुपये की राशि से सेठ अचल सिंह द्वारा शुरू किया गया यह ट्रस्ट नई ऊंचाइयां छू रहा है।
कार्यक्रम में बीडी जैन कन्या इंटर कालेज की छात्रा काजल को जिले में विज्ञान वर्ग में प्रथम आने पर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अजय राय और प्रदीप जैन आदित्य ने उसे स्मृति चिन्ह और स्कॉलरशिप का चेक प्रदान किया। 
________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments