“नेत्रदान“ पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले विभागों और सामाजिक संस्थाओं ने डाक्यूमेंट्री में नहीं किया सहयोग-लेखक, निर्देशक सूरज तिवारी का छलका दर्द

आगरा, 11 मई। समाज से भ्रांतियां दूर करने वाली डाक्यूमेंट्री “नेत्रदान“ कॉर्निया डोनेशन का प्री-व्यू शो सोमवार को न्यू आगरा स्थित होटल पूनम प्लाजा में संपन्न हुआ। फिल्म के लेखक और निर्देशक सूरज तिवारी ने कहा कि डाक्यूमेंट्री में किसी भी तरह से कोई सरकारी सहायता नहीं मिली और न ही किसी राजनेता से कोई भी सहयोग मिला, नेत्र से संबंधित जो भी विभाग और शहर में जो सामाजिक संस्थाएं चल रही हैं, उन्होंने पहले सहयोग करने का आश्वासन देकर उसके बाद कोई सहयोग नहीं किया, किसी से कोई धनराशि की माँग नहीं की गई थी सिर्फ वो जो समाज हित में काम कर रहे हैं वही जानकारी और जिन्होंने आँखें डोनेट की उनके परिजनों से बात कराने को कहा गया था, यह भी नहीं कराया गया। 
प्री-व्यू शो के दौरान मंचासीन अतिथियों में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, सतीश अरोड़ा, डॉ रजनीश त्यागी, प्रशांत सागर, ज़ीनत ज़ीशान, रंजीत सामा, सूरज तिवारी थे। डाक्यूमेंट्री में बताया गया है कि नेत्रदान से कुछ समस्या नहीं होती है और न ही अंतिम संस्कार में दिक्कत आती है बल्कि सब बहुत ही आसान हैं, हमे पहल करनी चाहिए। न ही पूरी आँख निकाली जाती है और न ही चेहरा ख़राब होता है। 
डाक्यूमेंट्री में अभिनय रवि परिहार, ज्योति आदि ने किया है। डाक्यूमेंट्री फ़िल्म में प्रमुख व्यक्तियों के इंटरव्यूज़ भी शामिल किए गए हैं।
इस दौरान सभी कलाकारों का स्वागत किया गया और सम्मानित किया गया। मधुकर अरोड़ा ने नेत्रदान करने की शपथ ली। डाक्यूमेंट्री के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। संचालन रीनेश मित्तल ने किया। इस अवसर पर नेत्रदान करने वाले और नेत्र लेने वाले परिवार भी मौजूद रहे।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments