Agra News: खबरें आगरा की...
आवास विकास कॉलोनी में भगवान परशुराम द्वार बनाने का प्रस्ताव रखा पार्षद गौरव शर्मा ने
आगरा, 11 मई। आवास विकास कालोनी निवासी भाजपा पार्षद गौरव शर्मा ने सोमवार को नगर निगम सदन में कालोनी में परशुराम द्वार बनाने की अनुमति दिए जाने की मांग रखी।
उन्होंने प्रस्ताव रखते हुए कहा कि सिकंदरा-बोदला मार्ग पर लक्ष्मी पैलेस मैरिज होम के सामने भगवान परशुराम चौक के लिए जाने वाली सड़क पर भगवान परशुराम द्वार बनाने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय निवासी इस द्वार को निजी व्यय से बनवाने को तैयार हैं, नगर निगम की टीम से मौके की जांच करा ली जाए और द्वार के लिए अनुमति दी जाए। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने इसकी जांच कराने का आश्वासन दिया।
______________________________________
स्टेट बैंक कर्मियों ने किया प्रदर्शन, 25-26 मई को कामकाज ठप करने का ऐलान
आगरा, 11 मई। भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार को संजय प्लेस स्थित प्रशासनिक कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी महासंघ के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में शहर की विभिन्न शाखाओं से पहुंचे सैकड़ों कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कर्मचारियों ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने, पर्याप्त भर्ती करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कर्मचारियों पर बढ़ते दबाव को खत्म करने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 25 और 26 मई को देशव्यापी दो दिवसीय हड़ताल की जाएगी।
सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे भारतीय स्टेट बैंक की विभिन्न शाखाओं से कर्मचारी संजय प्लेस स्थित प्रशासनिक कार्यालय पहुंचे और केंद्र सरकार तथा बैंक के उच्च प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने भोजनावकाश के दौरान सामूहिक प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन में गजेंद्र सिंह, सुरेश बाबू, आनंद चतुर्वेदी, शुभम वर्मा, शब्बीर हसन और जगजीत सिंह समेत अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
______________________________________
पुरुषोत्तम माह में भगवान जगन्नाथ का प्रतिदिन दीपदान और विशेष श्रंगार
आगरा, 11 मई। भगवान जगन्नाथ जी के प्रिय पुरुषोत्तम माह को भक्तिभाव के साथ मनाने के लिए कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में तैयारियां जोरों पर है। 17 मई से 15 जून तक पुरुषोत्तम माह में प्रत्येक दिन सुबह दीपदान से लेकर संध्या काल तक भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह जानकारी सोमवार को कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने दी। इस माह में मंदिर में कमल मनोरथ, नौका विहार, आम मनोरथ जैसे भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 4.30 बजे मंगला आरती से उत्सव प्रारम्भ हो जाएंगे। जो भगवान के शयन काल रात 9.30 बजे तक चलेंगे। प्रतिदिन दीपदान भी होगा। फूल बंगला, कीर्तन और कथाएं होंगी।
______________________________________
स्वर संगम कला केंद्र ने वार्षिक समारोह मनाया
आगरा, 11 मई। सांस्कृतिक संस्था स्वर संगम कला केंद्र ने छत्तीसवां वार्षिक समारोह मनाया। देवी सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण अशोकअश्रु, दुर्ग विजय सिंह दीप, हरीश भदौरिया एवं चंद्रशेखर शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि पंडित मोहित कुमार विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर आन्शवना सक्सेना थे।
अदिति, अवनी, निविद्या, श्रष्टि ,पराक्रमी ,रेखा, अनुष्का, शिवाली, नंदिनी, मोनिका, पूजा, वृंदा ,अंशुमन, आस्था, मणिकर्णिका ,भारती, वेदबाला ,आरती ,नेहा एवं पारुल राजपूत ने शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय प्रस्तुतियां दीं।संचालन सुशील सरित ने किया ने किया। अतिथियों का स्वागत विजय लक्ष्मी शर्मा ने किया।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments