तीन या अधिक बार सड़क सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन करने और चालान राशि भुगतान न करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त होंगे
आगरा, 15 मई। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने तीन या अधिक बार सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और चालान राशि भुगतान न करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने परिवहन व पुलिस विभाग द्वारा विगत वर्ष के सापेक्ष कम प्रवर्तन कार्यवाही करने, सड़क सुरक्षा नियमों का अनुपालन न करने वालों के लाइसेंस निरस्तीकरण, कृत चालानों की रिकवरी राशि कम होने पर जवाब तलब किया।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को ब्लैक स्पॉट पर रोड सेफ्टी ऑडिट की स्थिति पर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक एक्सीडेंट की घटना का पूरा विवरण संग्रहित करने और इमरजेंसी मेडिकल प्लान के अंतर्गत ट्रॉमा सेंटर चिह्नित करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को कम करने में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा मित्र बनाये जाने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा में पाया गया कि माह अप्रैल- 2026 में परिवहन विभाग द्वारा बिना हेलमेट के 1327, बिना शीटबेल्ट 416, वाहन चलाते समय मोबाईल फोन के प्रयोग में 243, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 260, ड्रंकन ड्राइविंग में 29, ओवरस्पीडिंग में 244, स्टंटिंग/खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर 14 प्रवर्तन की कार्यवाही की गई। वहीं अप्रैल 2026 में पुलिस विभाग द्वारा कृत कार्यवाही में बताया गया कि बिना हेलमेट 67554, बिना शीटबेल्ट 760 , वाहन चलाते समय मोबाईल फोन के प्रयोग में 196, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 361, ड्रंकन ड्राइविंग में 17, ओवरस्पीडिंग में 10424, स्टंटिंग/खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर 20 प्रवर्तन की कार्यवाही की गई।
बैठक में परिवहन विभाग द्वारा माह अप्रैल 2026 में निलंबित किए गए लाइसेंसों का विवरण तलब किया गया जिसमें बताया गया कि कुल 70 लाइसेंस निलम्बन की कार्यवाही की गई है जिसमें ओवर स्पीडिंग में 09, ड्रंकन ड्राइविंग के अन्तर्गत 14, ओवर लोडिंग में 26 अन्य अभियोगों में 21लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।जिलाधिकारी ने प्रवर्तन कार्यवाही के सापेक्ष कम ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन पर नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आईटीएमएस सिस्टम द्वारा प्राप्त इमेजेज के सापेक्ष कृत चालानों की संख्या कम होने, किए गए चालानों की राशि की रिकवरी कम होने पर संबंधित से कारण स्पष्ट करने तथा सुधार के निर्देश दिए गए।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments