Agra News: खबरें आगरा की.....

एसएन मेडिकल कॉलेज ने में पहली बार सफल हार्ट बाईपास सर्जरी
आगरा, 15 मई। एसएन मेडिकल कॉलेज ने अपने 172 वर्ष पुराने इतिहास में पहली बार सफल हार्ट बाईपास सर्जरी कर चिकित्सा क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। अब पहली बार यहां ओपन हार्ट सर्जरी सफल होने से आगरा मंडल सहित आसपास के हजारों मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, हाथरस और अलीगढ़ समेत आसपास के जिलों के मरीजों को हार्ट बाईपास सर्जरी के लिए दिल्ली, जयपुर और लखनऊ जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जहां इलाज में लाखों रुपये खर्च होते थे। 
इस उपलब्धि पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मेडिकल कॉलेज पहुंचे और सफल सर्जरी करने वाली चिकित्सकों एवं ऑपरेशन थिएटर टीम को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। 
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ हृदय रोग सर्जन डॉ. सुशील सिंघल ने बताया कि हाई रिस्क मरीज को 10 अप्रैल को भर्ती किया गया था। मरीज का असाध्य रोग निधि योजना के तहत पंजीकरण कराया गया। इसके बाद 13 अप्रैल की रात 10 बजे मरीज की धड़कते हुए दिल पर “ऑफ पंप कोरोनरी आर्टरी बायपास ग्राफ्टिंग” (CABG) सर्जरी की गई। उन्होंने बताया कि सामान्यतः हार्ट बाईपास सर्जरी के बाद मरीज को 5 से 7 दिन अस्पताल में रखा जाता है, लेकिन एसएन मेडिकल कॉलेज की टीम ने सफल इलाज के बाद मरीज को मात्र 72 घंटे में सुरक्षित डिस्चार्ज कर दिया।
________________________________________
बघेल ने किया महाराजा अग्रसेन द्वार का शिलान्यास
आगरा, 15 मई। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल द्वारा प्रस्तावित महाराजा अग्रसेन मार्ग, कमला नगर पर पर्यटन विभाग द्वारा निर्माण किए जाने वाले महाराजा अग्रसेन द्वार का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र ने की।
केंद्रीय मंत्री प्रो बघेल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन महान समाजवादी, लोकतंत्रवादी व सभी के विकास के लिए प्रेरक और मार्गदर्शक थे। विधायक खंडेलवाल ने बताया कि यह सिंह द्वार लगभग 65 लाख रुपये की लागत से अक्टूबर 2026 में बन जायेगा। उन्होंने कहा कि यहां बनने वाले मैट्रो स्टेशन का नाम भी महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखने की बात शासन से की जायेगी।
इस अवसर पर मेट्रो के प्रबंधक अरविंद राय, सीताराम अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, उमेश कंसल, पवन बंसल,  सुनील विकल, अरुण गर्ग, विजय गोयल राकेश मंगल, पीयूष अग्रवाल, शिवशंकर अग्रवाल, पूर्व पार्षद राजेंद्र तिवारी, श्याम बाबू, ताराचंद मित्तल, दीपक ढल, पार्षद हरिओम बाबा, पूजा बंसल, मनोज कुमार, भरत शर्मा, अमित दिवाकर, अमित अग्रवाल पारुल, गिर्राज बंसल, रामकुमार रामू, मुकुल जमदग्नि, रैलेश अग्रवाल, राजू खेमानी, प्रहलाद सिंह गुड्डी उपस्थित रहे।
________________________________________
मैक में हुई फिल्ममेकिंग की मास्टरक्लास, सूरज तिवारी ने साझा किए अनुभव 
आगरा, 15 मई। मैक (MAAC) में शुक्रवार को फिल्म मेकिंग पर एक विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व फिल्म लेखक और निर्देशक सूरज तिवारी ने किया। उन्होंने स्क्रिप्टिंग से लेकर डायरेक्शन तक के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि कैमरे के पीछे की दुनिया को समझना और उसके अनुसार कहानी को कहना एक कठिन काम है लेकिन जब आप किसी तैयारी के साथ आते हैं तो आसान होता है।
मास्टरक्लास में कहानी की बारीकियां, विजुअल इफेक्ट्स, कैमरा टेक्निक्स, प्रोडक्शन,पोस्ट प्रोडक्शन और रिलीज़ के बारे में समझाया गया। दूसरा सेशन प्रश्न उत्तर का था जिसमें स्टूडेंट्स ने कई सवाल जबाब किए । मैक के निदेशक डॉ प्रशांत ए सागर ने धन्यवाद ज्ञापन किया और लेखक निर्देशक सूरज तिवारी और डी ओ पी कमल लोखंडवाला को सम्मानित किया।
________________________________________
झलक क्लब ने किया सेवा कार्यों पर विमर्श 
आगरा, 15 मई। समाज सेवा में संलग्न माथुर वैश्य इंटरनेशनल के महिला झलक क्लब द्वारा अतिथि वन में सेवा कार्यों पर विचार विमर्श किया गया। माथुर वैश्य इंटरनेशनल के गवर्नर एम वी अशोक गुप्ता और उनकी पूरी टीम विशेष अतिथियों के रूप में मौजूद रही। इस अवसर पर शोभा गुप्ता अध्यक्ष, शारदा गुप्ता पी आर ओ, अन्नपूर्णा गुप्ता जॉन चेयरपर्सन, रश्मि गुप्ता सचिव, वर्षा गुप्ता कोषाध्यक्ष उपस्थित रहे।
________________________________________
डीजल मूल्य वृद्धि की कटु आलोचना 
आगरा, 15 मई। शहर के ट्रांसपोर्टरों ने सरकार द्वारा डीजल पर लगभग तीन रुपये की गई मूल्य वृद्धि की कटु आलोचना करते हुए कहा है कि पूर्व के 2, 3 वर्ष से अंतरराष्ट्रीय मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम बहुत कम थे लेकिन सरकार ने दरों में कटौती नहीं की। 
संयुक्त बयान कहा गया कि पूर्व में ऑयल कंपनियों ने उपभोक्ताओं को लाभ न देकर खुद मुनाफा कमाया। अब जबकि युद्ध लगभग समाप्त होने की दिशा में है और पुनः अंतरराष्ट्रीय बाजारों क्रूड ऑयल के दाम घट रहे हैं तो दरों में बढ़ोतरी क्यों की गई। पहले से ही ट्रांसपोर्ट ट्रेड मंदी की मार झेल रहा है, सरकार डीज़ल दरों में बढ़ोतरी की वापस लेनी चाहिए। 
बयान जारी करने वालों में वीरेन्द्र गुप्ता, अमरजीत सिंह ग्रेवाल, सतीश ठाकुर, गिरीश अग्रवाल, गोविंद बिंदल, दीनदयाल मित्तल, अरुण चौहान, रामसेवक बिंदल, प्रमोद अग्रवाल शामिल हैं।
________________________________________
चंबल बीहड़ों में हॉरर फिल्म 'शक्ति शालिनी' की शूटिंग कर रहे नाना पाटेकर
आगरा, 15 मई। पड़ोसी राज्य राजस्थान के सीमावर्ती जिले धौलपुर में फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर अपनी नई हॉरर फिल्म 'शक्ति शालिनी' की शूटिंग कर रहे हैं। यह शूटिंग चम्बल के बीहड़ों में की जा रही है। शूटिंग देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त क्रेज बना हुआ है।
बीहड़ में रहस्यमयी भूत बंगला और डरावनी गुफा का सेट आने वाली हॉरर फिल्म शक्ति शालिनी के लिए तैयार किया गया है। फिल्म के कुछ दृश्य ग्वालियर में भी फिल्माए गए।
बीहड़ में शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर काले कपड़ों में तांत्रिक बन नवजात को गोद में लिए हुए दिखे। बताया गया है कि फिल्म की शूटिंग के लिए सैंयारा फेम अभिनेत्री अनीत पड्डा भी धौलपुर पहुंचेंगी। फिल्म के निर्देशक आदित्य सरपोतदार हैं।
________________________________________
एक साथ तीन घरों में चालीस लाख की चोरी
आगरा, 15 मई। बाह क्षेत्र के थाना बासौनी अंतर्गत गांव गुंगावली में बेखौफ बदमाशों ने एक साथ तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। 
चोरों ने गांव में करीब 50 मीटर के दायरे में स्थित शिव नारायण शर्मा और उनके चाचा के बेटे मोनू सहित तीन मकानों को निशाना बनाया। बदमाश छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए और सीढ़ी लगाकर एक-एक कर तीनों घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोर लगभग 200 ग्राम सोना, करीब 2 किलो चांदी और 3 से 4 लाख रुपये की नगदी चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित परिवारों के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये बताई जा रही है। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घरों का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारियां टूटी हुई थीं और जेवरात व नगदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments