आगरा आए शिवपाल से किया अनुरोध, चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करें व्यापारियों को पेंशन का मुद्दा
आगरा, 07 मई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विधायक शिवपाल सिंह यादव गुरुवार को निजी कार्यक्रमों में शामिल होने यहां आए। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों से फीडबैक लिया और जमीनी हालात की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने की बात कही।
शहर में आगमन पर प्रदेश सचिव नितिन कोहली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। शिवपाल यादव पहले जयपुर हाउस स्थित राजीव पोद्दार के निवास पर पहुंचे। यहां महानगर कमेटी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, महासचिव पुष्पेन्द्र शर्मा कोषाध्यक्ष गिरीश गोयल, नरेन्द्र सिंह नन्द, रोहित नासिर एवं विजय प्रताप सिंह आदि ने उनसे मुलाकात की। महानगर कोषाध्यक्ष गिरीश गोयल ने शिवपाल यादव को ज्ञापन के रूप में व्यापारियों के हित में मांग रखी कि आगामी विधानसभा चुनाव में व्यापारियों के लिए पेंशन देने का मुद्दा घोषणा पत्र रखा जाए।
शिवपाल यादव अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद सड़क मार्ग से दोपहर 3:30 बजे इटावा के लिए प्रस्थान कर गए।
इससे पूर्व सुबह करीब 11 बजे टोल प्लाजा पर युवजन सभा, छात्र सभा और महिला सभा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमाला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। मीडिया ने उनसे विधानसभा चुनाव और पार्टी की रणनीति को लेकर सवाल किए, लेकिन शिवपाल यादव हाथ जोड़कर बात करने से इनकार करते नजर आए। उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। जिलाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता पूरे समय उनके साथ मौजूद रहे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments