मोदी पर सपा सांसद की टिप्पणी से भड़कीं भाजपा की महिला कार्यकर्ता, महानगर अध्यक्ष बोले- "सपा में अब नेता नहीं लफंगे रह गए"
आगरा, 14 मई। सपा सांसद राजेंद्र लोधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। भाजपा महिला मोर्चा, जिला और महानगर पदाधिकारियों ने सपा नेतृत्व से सार्वजनिक माफी और सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध जताया। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करना निंदनीय है और भाजपा इसका हर स्तर पर विरोध जारी रखेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने चेतावनी दी कि माफी न मिलने पर नारी शक्ति उग्र आंदोलन को बाध्य होगी। महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से राजनीति का स्तर गिर रहा है। अब सपा में नेता नहीं बचे, बल्कि “लफंगे” रह गए हैं, जो लगातार अपमानजनक टिप्पणियां कर राजनीति का स्तर गिरा रहे हैं। जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने इस टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments