हड़ताल को लेकर दवा विक्रेता दो-फाड़, कोतवाली क्षेत्र में पोस्टर लगाने का विरोध, पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
आगरा, 13 मई। दवा विक्रेताओं की 20 मई को प्रस्तावित हड़ताल को लेकर पाले खिंच गए हैं। व्यापारियों के एक गुट ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। विरोध के चलते बुधवार को कोतवाली क्षेत्र के दवा व्यापारियों ने हड़ताल के पोस्टर चिपकाए जाने का कड़ा विरोध किया।
नाराज व्यापारियों का कहना था कि उनकी हड़ताल को लेकर सहमति नहीं है तो फिर उनकी दुकानों के आसपास पोस्टर क्यों लगाए जा रहे हैं। इससे ग्राहकों में भ्रम की स्थिति बनेगी और व्यापार पर विपरीत असर पड़ेगा।
मामला तूल पकड़ते देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। आगरा महानगर कैमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कोतवाली में लिखित तहरीर देते हुए शिकायत की कि आगरा फार्मा एसोसिएशन के लोगों द्वारा जबरदस्ती पोस्टर चिपकाए जा रहे हैं, जबकि हड़ताल में आगरा महानगर कैमिस्ट एसोसिएशन की सहमति नहीं है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष शर्मा, चेयरमैन संजय चौरसिया, संस्थापक गिरधारी लाल भगत्यानी ने कहा कि कोई भी संस्था किसी व्यापारी को व्यापार करने से नहीं रोक सकती यह हमारा सवैधानिक अधिकार है। व्यापारियों को डराना, धमकाना, दुकान बंद करने के लिये बाध्य करना न्याहित में नहीं है।
व्यापारियों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल हड़ताल के पोस्टर लगाए जाने से आगरा फार्मा एसोसिएशन को रोक दिया।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments