फौवारा दवा बाजार में औषधि विभाग की छापेमारी
आगरा, 21 मई। कोतवाली क्षेत्र के फौवारा स्थित मुबारक महल दवा बाजार में गुरुवार को औषधि विभाग ने छापेमार कार्रवाई की। इससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक साथ कई टीमों के पहुंचने से दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान आगरा समेत अन्य जिलों से आए दो दर्जन से अधिक अधिकारी बाजार में मौजूद रहे और अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर जांच की गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक औषधि विभाग की टीम 14 दवा कारोबारियों की सूची लेकर आगरा पहुंची थी। इसके बाद युग फार्मा, श्री गणेश एंटरप्राइजेज, जीत, वीना एंटरप्राइजेज, नंदन फार्मा और पोरवाल समेत कई प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी गई। अधिकारियों की टीम को बाजार में देखते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से निकल गए, जबकि कुछ प्रतिष्ठानों पर रिकॉर्ड खंगाले जाते रहे।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
बताया गया है कि पूरी कार्रवाई लखनऊ से पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी रोशन जैकब के नेतृत्व में की जा रही है। जांच के दौरान दवा स्टॉक, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, लाइसेंस, बिलिंग रिकॉर्ड और स्टोर प्रबंधन की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। टीम यह भी जांच कर रही है कि कहीं नियमों के विपरीत दवाओं का कारोबार तो नहीं किया जा रहा है।
औषधि विभाग के अधिकारियों ने अभी कार्रवाई को लेकर खुलकर कुछ भी कहने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल जांच अभियान लगातार जारी है।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments