पुलिस कमिश्नर के तेवर देख तेज हुआ चौराहों पर अतिक्रमण के विरोधी अभियान, सात वाहन सीज, 80 के चालान काटे गये, ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग भी

आगरा, 21 मई। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार द्वारा बुधवार की रात्रि सड़कों पर निकल कर यातायात प्रबंधन की जांच किए जाने के बाद विभागीय सक्रियता दिखने लगी है। पुलिस प्रशासन द्वारा गुरुवार को विशेष अभियान चलाते हुए बिजलीघर चौराहे एवं आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस द्वारा मौके पर 07 वाहनों को सीज किया गया तथा नियमों की अनदेखी करने वाले 80 वाहनों के चालान काटे गए।
डीसीपी यातायात सोनम कुमार के निर्देशन में सिकंदरा तिराहा पर मदिरा/मादक दृव्यों का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। ड्रिंक एंड ड्राइव करने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई।
बिजलीघर चौराहे के निकट अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात), सहायक पुलिस आयुक्त (सदर), प्रभारी निरीक्षक (यातायात) तथा संबंधित थानों के थाना प्रभारियों ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अभियान का नेतृत्व किया एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को संपन्न कराया। 
 Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
अभियान के अंतर्गत चौराहे के आसपास सड़कों एवं फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खोखे एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाया गया। साथ ही, चौराहे के चारों ओर 50 मीटर की परिधि को पूर्णतः 'नो वेंडिंग ज़ोन' घोषित करते हुए वहां किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि प्रतिबंधित की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार द्वारा स्थानीय दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सड़क एवं फुटपाथों पर अवैध कब्जा न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया। साथ ही यह स्पष्ट चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण किए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए नियमानुसार जुर्माना भी अधिरोपित किया जाएगा।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments