चार दिन बाद ही फिर महंगे हुए पेट्रोल-डीजल
नई दिल्ली, 19 मई। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति पर बढ़ते दबाव का सीधा असर अब आम उपभोक्ताओं की जेब पर दिखने लगा है। चार दिन के भीतर ही देश में एक बार फिर से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने मंगलवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा कर दिया।
चार दिन पहले, शुक्रवार की सुबह ही केंद्र सरकार ने देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये हो गया था। अब मंगलवार को फिर से दाम बढ़ने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे और महंगा होकर 98.64 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, दिल्ली में डीजल 91 पैसे महंगा होकर 91.58 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
पेट्रोल और डीजल के दामों में इस तरह की लगातार बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय कारण बड़ी वजह है। दरअसल, पश्चिमी एशिया के देशों में चल रहे संघर्ष और युद्ध के कारण दुनिया भर में ऊर्जा का बहुत बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस विवाद के कारण समुद्री व्यापार के सबसे अहम रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य में रुकावट आ गई है। कच्चे तेल की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच कर 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास घूम रही है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments