महिला को घर से बाहर खींच पटक-पटक कर पीटा, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
आगरा, 18 मई। थाना निबोहरा क्षेत्र में ब्याज के पैसों के लेन-देन को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि दबंग पड़ोसियों ने एक महिला को घर से खींचकर बाहर पटक दिया और उसे बेरहमी से पीटा। महिला की चीखों के बीच आरोपी उस पर थप्पड़ों और लात-घूंसों की बरसात करते रहे। बीच-बचाव करने पहुंचे पति के साथ भी मारपीट की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव बीलपुरा की है। गांव निवासी एक महिला और उसके पड़ोसियों के बीच 14 हजार रुपये के ब्याज के लेन-देन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर दबंग पड़ोसी महिला के घर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों का गुस्सा भड़क गया। आरोपियों ने महिला को घर से बाहर खींचकर खरंजे पर पटक दिया और जमकर मारपीट की। महिला का पति बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी हाथापाई कर दी।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
घटना का किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिला को बेरहमी से पीटते हुए साफ देखा जा सकता है।
पीड़ित पक्ष ने थाना निबोहरा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments