बड़ा हादसा: आगरा में यमुना में चार किशोर-किशोरियां डूबे, तीन की मौत, एक की तलाश जारी
आगरा, 12 मई। यमुना नदी में बल्केश्वर घाट के निकट आज मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक, यहां नदी में डुबकी लगाने कूदे चार किशोर/किशोरियां डूब गए। पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य शुरू करते हुए तीन को बाहर निकाल लिया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चौथे किशोर की तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी कमलानगर पवन सैनी ने बताया कि मृतकों में दो किशोरियों महक (19 वर्ष) और रिया (17 वर्ष) के अलावा कान्हा (22 वर्ष) शामिल हैं। ग्यारह वर्षीय विक्की पुत्र राकेश की तलाश की जा रही है। गोताखोरों की टीम यमुना में उसकी तलाश में जुटी हैं।
सुबह किशोरों के डूबने पर चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग बचाने पहुंचे। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थाना कमलानगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों को बुला लिया। यमुना से बाहर निकाले गए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी कमलानगर ने बताया कि सभी किशोर और किशोरियां एत्माद्दौला क्षेत्र के निवासी सौरभ के यहां बर्थ डे पार्टी में आए हुए थे। वे एत्माद्दौला क्षेत्र की ओर से ही यमुना नदी में नहाने उतरे थे और गहरे पानी में चले गए।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को दी बाइट में कहा कि छह बच्चे यमुना में कूदे थे। इनमें दो को सकुशल निकाल लिया गया। तीन की मृत्यु हो गई और एक की तलाश जारी है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments