चार महीने में किया 76.15 करोड़ का लेनदेन! बैंक मैनेजर की शिकायत पर पकड़ी गई आईटीसी चोरी
आगरा, 11 मई। पंजाब नेशनल बैंक की मैनेजर की 76.15 करोड़ के असामान्य लेनदेन की शिकायत एसजीएसटी विभाग ने आईटीसी चोरी के मामला पकड़ा। राज्य कर अधिकारी द्वारा इस संबंध में थाना लोहामंडी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विभाग का दावा है कि आरोपी व्यक्ति पहले भी टैक्स की चोरी कर चुका है।
राज्य कर अधिकारी अतुल कुमार गर्ग की ओर से दर्ज मुकदमे में कहा गया है कि पंजाब नेशनल बैंक की बैंक कालोनी शाखा की मैनेजर तूलिका श्रीवास्तव ने सूचना दी कि पार्श्वनाथ प्रेरणा प्लाजा ताजनगरी के पते से पंजीकृत फर्म दिनेश ट्रेडर्स के चालू खाते से दिसंबर 2024 से मार्च 2025 तक चार महीने में 76.15 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ, जो घोषित आढ़त के व्यापार को देखते हुए अत्यधिक है।
विभागीय जांच में पाया गया कि दिनेश अग्रवाल को आर्थिक प्रलोभन देकर उनके नाम से दोस्त सुमित जिंदल ने कागजों में फर्म खोली थी। पूछताछ में दिनेश अग्रवाल ने बताया कि उन्हें फर्म और उसके कारोबार के बारे में जानकारी नहीं है। सुमित जिंदल बुलाकर चेक व अन्य प्रपत्रों पर हस्ताक्षर कराते थे।
जांच में पाया गया है कि अकेले 17 करोड़ रुपये का लेनदेन शिव ट्रेडर्स से किया गया है, जो सुमित जिंदल के नाम से रजिस्टर्ड है। विभागीय जांच में पाया गया गया कि आईटीसी पासऑन कराने के लिए यह कागजों में फर्जी लेनदेन किया गया। मुकदमे में कहा गया कि सुमित जिंदल ने एसजे एंटरप्राइजेज नाम से वर्ष 2018 में एक फर्म पंजीकृत कराई थी। वर्ष 2020 में जीएसटी विभाग ने पंजीयन निरस्त कर दिया था। फर्म पर नौ करोड़ रुपये का बकाया है।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया से कहा कि लोहामंडी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments