फतेहपुर सीकरी में विदेशी महिला पर्यटक फिर घायल

आगरा, 08 मई। फतेहपुर सीकरी स्मारक में शुक्रवार की सुबह एक विदेशी महिला पर्यटक गुलिस्तां सुपर मार्केट के पास पाथ-वे पर चलते समय गिरकर घायल हो गई।
बताया गया है कि पुर्तगाल और स्पेन के 22 विदेशी पर्यटकों का दल सुबह लगभग दस बजे फतेहपुर सीकरी भ्रमण के लिए पहुंचा था। सभी पर्यटक गोल्फ कार्ट स्टैंड की ओर जा रहे थे। 
इसी दौरान गुलिस्तां सुपर मार्केट के पास बने पाथवे की रैंप पर उबड़-खाबड़ पत्थर और बाहर निकली सरिया से ठोकर लगने पर महिला पर्यटक गिर गईं, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गाइड संतोष सिंह घायल महिला को तत्काल निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वापस दल के साथ छोड़ दिया गया। इसके बाद अन्य पर्यटक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्मारक भ्रमण के लिए रवाना हो गए।
गुलिस्तां टूरिस्ट कंपलेक्स के प्रबंधक ने बताया कि महिला पर्यटक जाते समय ध्यान भटकने के चलते गिर गई थीं। 
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी फतेहपुर सीकरी में हादसों में पर्यटक गिरकर घायल होते रहे हैं। इस मार्ग की हालत लंबे समय से खराब है। लेकिन फिर भी इसे दुरुस्त नहीं किया गया।
_______________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments