घायल भाई की बेकदरी पर बहन ने काटा अस्पताल में हंगामा
आगरा, 02 मई। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के एमडीआर वार्ड से बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाती दिख रही है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला का कहना है कि करीब 15 दिन पहले अस्पताल के इसी वार्ड में उसके भाई के ऊपर पंखा गिर गया था, लेकिन घटना के बाद पांच घंटे तक उसकी ड्रेसिंग नहीं की गई। अब इतने दिन बीत जाने के बाद भी उसके भाई के टांके नहीं काटे गए हैं और उसकी हालत लगातार बिगड़ रही है। वीडियो में वह यह कहते हुए भी नजर आती है कि वह कई घंटों से डॉक्टरों को बुला रही थी, लेकिन काफी देर के बाद ही एक डॉक्टर वहां पहुंची।
महिला ने यह भी दावा किया कि पंखा गिरने की घटना का वीडियो उसके पास मौजूद है। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और महिला को समझाते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही, ताकि जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
महिला अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बार-बार कहती है कि यहां मरीजों की ठीक से देखभाल नहीं की जाती। इस अस्पताल को बंद कर देना चाहिए, यहां मरीजों को मरने के लिए छोड़ दिया जाता है।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments