फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर दिखाये फर्जी दस्तावेज और ठग लिए 25 लाख!
आगरा, 02 मई। शहर के थाना एकता में फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पीड़ित का आरोप है कि रिचर एग्रो क्रप इंडिया कंपनी की फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर उससे करीब 25 लाख रुपये हड़प लिए गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया कि पीड़ित प्रतेन्द्र को आरोपियों ने कंपनी की फ्रेंचाइजी देने और कृषि उत्पाद उपलब्ध कराने का वादा किया। शुरुआत में भरोसा दिलाने के लिए कई तरह के दस्तावेज और योजनाएं दिखाईं गईं। कंपनी के प्रतिनिधियों ने कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज दिखाकर उसे भरोसे में लिया, जिसके बाद उन्होंने अलग-अलग चरणों में करीब 25 लाख रुपये जमा कर दिए।
लेकिन रकम लेने के बाद न तो फ्रेंचाइजी दी गई और न ही किसी प्रकार का माल उपलब्ध कराया गया। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोप है कि अमित शर्मा, रजनी और अन्य संबंधित लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाना एकता में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और लेनदेन की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments