Agra News: खबरें आगरा की...

संकल्प ने कलेक्ट्रेट में शुरू की जलसेवा
आगरा, 08 मई। संकल्प सेवा संस्था ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में घड़ों में शुद्ध आर.ओ. के शीतल जल की नि:शुल्क प्याऊ शुरू की। 
प्याऊ का शुभारंभ आज़ाद भगत सिंह (ए डी एम E), डॉ डी वी शर्मा, अशोक चौबे (डी जी सी रेवेन्यू) एवं हरीश बत्रा एडवोकेट ने भारतमाता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। संस्था के अध्यक्ष ब्रजेश पंडित ने कहा कि सभी प्याऊ सितंबर माह के अंत तक प्रतिदिन अनवरत चलेंगी और शीघ्र ही अन्य स्थानों पर जलसेवा शुरू की जाएगी।मानव जलसेवा के साथ पशुओं और पक्षियों के लिए जल की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में कार्तिकेय खंडेलवाल, अर्जुन सिंह, पद्मावती बघेल, रवि चौबे एडवोकेट, कुलदीप शर्मा, पवन समाधिया, गिरीश कटारा एडवोकेट, अमल शर्मा, अंशुल पंडित, मुरारी धाकरे, सलमान अब्बास मौजूद रहे।
_________________________________________
विलासगंज में नाला निर्माण न होने से सड़क बनी दलदल
आगरा, 08 मई। बिचपुरी ब्लॉक के ग्राम विलासगंज नई आबादी में रेलवे लाइन के पास नाला निर्माण न होने के कारण सड़क पर दलदल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने शुक्रवार को मंडलायुक्त नागेंद्र सिंह से भेंट कर अवगत कराया कि विलासगंज रेलवे लाइन के पास जल निकासी की व्यवस्था न होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से गंदा पानी सड़क पर भरा हुआ है, जिससे सड़क पूरी तरह दलदल में तब्दील हो चुकी है। इस समस्या के कारण बच्चों को स्कूल जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारियों फैलने का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
मंडल आयुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समस्या के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
_________________________________________
प्रधानाचार्य परिषद की जिला कार्यकारिणी का स्वागत
आगरा, 08 मई। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी का स्वागत समारोह क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, हरिपर्वत में संपन्न हुआ। अध्यक्षता परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेंद्र कुमार लवानिया ने और संचालन महामंत्री डॉ मोहम्मद जमीर ने किया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रधानाचार्यों ने भी वर्तमान शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों की प्रशासनिक समस्याओं, शिक्षक हितों एवं नई शिक्षा नीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।सभी वक्ताओं ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने एवं छात्रहित में संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
_________________________________________
एडीए ने बिना नक्शा पास कराए निर्माणों को किया सील
आगरा, 08 मई। आगरा विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को बरौली अहीर बगदा रोड, ताजगंज वार्ड में दिनेश कुमार यादव द्वारा बीआर काम्प्लेक्स के पास नक्शा पास कराए बिना किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया। दूसरी कार्रवाई जागंज वार्ड के पुरानी मंडी क्षेत्र में की गई, डॉ. राम शिरोमणि शर्मा द्वारा नक्शा पास कराए बिना किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया गया।
_________________________________________
मदर्स डे धूमधाम से मनाया 
आगरा, 08 मई। इंडो अमेरिकन लर्निंग स्कूल में शुक्रवार को मदर्स डे धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने नृत्य, गीत, कविता एवं कार्ड मैकिया गतिविधियों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम व्यक्त किया। इस दौरान मदर्स शेफ प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें आनंद प्रथम, वानी लालवानी द्वितीय एव भावना मित्तल तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुनीता कपूर, अम्बुज भारद्वाज, सुलेखा गुप्ता, रश्मि जैन आदि रही। 
_________________________________________
बाईपास पर दो ट्रक पलटे, यातायात रहा बाधित
आगरा, 08 मई। आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर एक किलोमीटर के अंतराल में दो ट्रक पलट जाने से काफी समय यातायात बाधित रहा।
सिटी ढाबा के सामने गुरुवार की देर रात करीब दो बजे एक ट्रोला डिवाइडर की रेलिंग को तोड़ते हुए पलट गया। उसमें भरी नमक की बोरियां सर्विस रोड पर गिर गईं। इससे सर्विस रोड पूरी तरह से बंद हो गई। हाईवे पर ट्रैफिक जाम गया। ट्रोला जयपुर से बिहार की ओर नमक लेकर जा रहा था। रास्ते में चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया।
जबकि दूसरा हादसा शुक्रवार की तड़के रेनबो हॉस्पिटल के सामने हुआ। यहां आगरा मेट्रो द्वारा लगाई गई बेरीकेडिंग को तोड़ते हुए ट्रक पलट गया। इसके चलते सिकंदरा से लेकर रेनबो हॉस्पिटल तक जाम लग गया।
अन्य वाहनों को धीरे-धीरे कर एक लेन से निकाला गया।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments