जनकपुरी के कार्यक्रम स्थल घोषित: आमंत्रण यात्रा हनुमान मंदिर से, सीताजी का डोला और राम बरात की अगवानी गणपति किंग्स काउंटी, मेहंदी एंथम, फेरे भावना एस्टेट मंदिर में होंगे, जनक महल से विदाई के अगले दिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

आगरा, 30 सितम्बर। जनकपुरी महोत्सव समिति ने अपने प्रमुख कार्यक्रमों के स्थलों की घोषणा कर दी है।
अध्यक्ष राजीव यादव और मुख्य संयोजक मनोज बंसल ने बताया कि तीन अक्टूबर को राजा जनक की आमंत्रण यात्रा सायं चार बजे दक्षिणमुखी हनुमान मन्दिर अमर उजाला मोड़, महर्षिपुरम से प्रारंभ होगी। बैंडबाजों के साथ राजा जनक स्वरूप अशोक गोयल और रानी सुनयना स्वरूप लता गोयल रथ पर सवार होकर पूरे जनकपुरी क्षेत्र में भ्रमण करेंगे और क्षेत्रीय निवासियों को राम-सीता के विवाह में शामिल होने का न्योता देंगे।
पांच अक्टूबर को सीताजी की मेहंदी एवं संगीत का कार्यक्रम राजा जनक अशोक गोयल की रेजिडेंशियल सोसायटी बी 21 एंथम में सायं चार बजे से होगा। जानी-मानी भजन गायिका तृप्ति शाक्या अपने भजनों से लोगों को ओतप्रोत करेंगी।
अगले दिन छह अक्टूबर को सीताजी का डोला सायं पांच बजे गणपति किंग काउंटी, सोसायटी से शुरू होगा।सीताजी सखियों के साथ रथ पर सवार होकर गौरा पूजन के लिए निकलेंगी। उनकी शोभायात्रा मंदिर में पूजन के साथ क्षेत्र में भ्रमण करेगी।
 
सात अक्टूबर सुबह राम बरात गणपति किंग काउंटी सोसायटी में पहुंचेगी। यहां अल्प विश्राम के बाद स्वरूपों की अगवानी आरती होगी और जनकपुरी के प्रमुख मार्ग पर बरात भ्रमण कर कावेरी कौस्तुभ के विश्राम करेगी।
सात अक्टूबर को ही दोपहर में 12 बजे से राम-सीता के विवाह के रूप में तुलसी-शालिग्राम विवाह होगा। यह मांगलिक कार्य पूरे विधि-विधान से भावना एस्टेट सोसायटी के मन्दिर में होगा।
7, 8, 9 अक्टूबर की सायं 5 बजे राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, सीताजी और अन्य स्वरूपों की सवारी कावेरी कौस्तुभ सोसायटी से शुरू होकर जनक महल पर पहुंचेगी। तीनों दिन जनक महल पर आमंत्रित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे। आठ अक्टूबर को होली पब्लिक स्कूल में बढ़हार और नौ अक्टूबर को जनक महल से सीताजी समेत सभी स्वरूपों की विदाई होगी।
जनकपुरी महोत्सव के अंतिम दिन दस अक्टूबर को सायं पांच बजे से जनक महल पर समापन समारोह होगा। रात आठ बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम में लाडी ग्रुप द्वारा रामायण की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments