Agra News: खबरें आगरा की....
संकल्प संस्था ने लेडी लॉयल हॉस्पिटल में शुरू की प्याऊ
आगरा, 30 मई। संकल्प सेवा संस्था ने शनिवार को जिला महिला चिकित्सालय (लेडी लॉयल हॉस्पिटल) में शुद्ध आर ओ के जल को घड़ों में शीतल कर जलसेवा 'प्याऊ' का शुभारंभ किया। प्याऊ के शुभारंभ में जिला महिला चिकित्सालय की एस आई सी डॉ पुष्पलता, चीफ मेट्रन ममता सिंह ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित, माल्यार्पण कर किया।
डॉ पुष्पलता ने कहा कि इस गर्मी में फ्रिज द्वारा ठंडा किया पानी प्राकृतिक नहीं ओर पाचन क्रिया को कभी कभी नुकसान करता है जबकि मिट्टी के घड़े में पानी प्राकृतिक रूप से ठंडा होता है एवं स्वास्थ्य एवं पाचन में लाभकारी होता है। संस्था के अध्यक्ष ब्रजेश पंडित ने बताया कि शीघ्र ही संस्था अन्य जन उपयोगी स्थानों पर जल सेवा शुरू करेगी। कार्यक्रम में धर्मवीर कौशिक, शोभा मीणा, अंशुल पंडित, पवन शर्मा, ओमवीर राजपूत, प्रवीण दत्त, मुरारी धाकरे, सलमान अब्बास मौजूद रहे।
_______________________________________
सेटेलाइट बस अड्डा प्रारंभ करने की घोषणा का स्वागत
आगरा, 30 मई। अलीगढ़ और हाथरस आदि जनपदों के लिए एक जून से फाउंड्री नगर स्थित सेटेलाइट बस अड्डा प्रारंभ करने की घोषणा का नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स ने स्वागत किया है।
चैंबर की विज्ञप्ति में कहा गया कि आईएसबीटी से फाउंड्री नगर होते हुए रोडवेज की बसों को शहर के मध्य से गुजरना पड़ता था तथा शहर में मेट्रो का कार्य का कार्य द्रुतगति से होने के कारण शहर में प्रायः जाम की स्थिति बनी रहती थी। चैंबर द्वारा भी इस समस्या को अधिकारियों के समक्ष उठाया गया था। स्वागत करने वालों में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल एवं पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल हैं।
_______________________________________
आईस्क्रीम, शेक, जूस व शिकंजी पर चला विशेष अभियान, 22 नमूने जांच को भेजे गए
आगरा, 30 मई। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने अवगत कराया कि जनपद में 27 से 29 मई तक तीन दिन आईस्क्रीम, आइसकैंडी, शेक, जूस, फ्रोजन डेजर्ट, कुल्फी एवं अन्य समान उत्पादों की सघन जांच एवं छापेमारी की गई।
विभाग की छह टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस दौरान 22 खाद्य नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। संग्रहित नमूनों में विभिन्न प्रतिष्ठानों से आईस्क्रीम, आइसकैंडी, बनाना शेक, मैंगो शेक, स्ट्रॉबेरी शेक, पाइनएप्पल जूस, गन्ने का जूस तथा नींबू शिकंजी सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं। सभी नमूनों की गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूपता की जांच राज्य खाद्य प्रयोगशाला में कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments