Agra News: खबरें आगरा की......
मातृ दिवस पर महिला बंदियों के लिए जिला जेल को दिए दो कूलर
आगरा, 12 मई। जिला अपराध निरोधक कमेटी द्वारा मातृ दिवस के अवसर पर जिला जेल में महिला बंदियों की सुविधा हेतु दो कूलर जेल अधीक्षक को भेंट किए गए।
इस अवसर पर जिला मंत्री आलोक आर्य के साथ शीला बहल, वत्सला प्रभाकर, पैंसी थॉमस, वीना अग्रवाल, विनय पोरवाल, मनोज डोमिनिक, प्रमोद अग्रवाल, मुकेश मित्तल, दीपांकर, विशेष अग्रवाल एवं अवधेश गोयल उपस्थित रहे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आगे भी सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
________________________________________
नि:शुल्क स्कूली बैग एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित
आगरा, 12 मई। सामाजिक संस्था मातृ शक्ति शिक्षा एवं रोजगार सेवा ट्रस्ट द्वारा विक्टोरिया प्राइमरी स्कूल घटिया आजम खां में नि:शुल्क स्कूली बैग एवं स्टेशनरी सामग्री वितरण की गई।
विवेक कुमार एडवोकेट (प्रबंधक) भीम सिंह सागर संस्था अध्यक्ष , देवेंद्र सिंह, पवन कुमार पीपल, देशराज, गौरव कुमार, राहुल कुशवाह ने कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यालय शिक्षक, शिक्षकायओं द्वारा सस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। प्रबंधक विवेक कुमार प्रबंधक ने कहा कि बच्चों के हाथों में कलम और किताबें ही देश का भविष्य संवार सकती हैं।
________________________________________
पशु क्रूरता करने वालों को संरक्षण दे रही पुलिस- डीसीपी की शिकायत
आगरा, 12 मई। शहर में पशु क्रूरता के मामलों में पशु प्रेमियों व पशुओं के लिए काम कर रही संस्थाओं को सहयोग के बजाय अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। यह शिकायत मंगलवार को सामाजिक संस्था कैस्पर्स होम की विनीता अरोड़ा ने कलेक्ट्रेट स्थित डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास से मिलकर की। उन्होंने पूरी तरह सहयोग करने का आश्वासन दिया।
पशु प्रेमियों ने कहा कि इस बार सही जांच नहीं हुई तो शहर के पशु प्रेमी पशुओं के साथ कलक्ट्रेट आकर धरना देंगे। पुलिस के सहयोग के बिना भला संस्थाएं कैसे कार्य कर सकती हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से विशाल सैनी, विकास अग्रवाल, शांतनु बंसल, अंकित शर्मा, सुरेखा उपस्थित थीं।
________________________________________
डॉ सरोज भार्गव और डॉ साधना सिंह संस्कार भारती ब्रज प्रांत की प्रांतीय संरक्षक घोषित
आगरा, 12 मई। महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग की सूचना के अनुसार डॉ सरोज भार्गव और डॉ साधना सिंह संस्कार भारती ब्रज प्रांत की प्रांतीय संरक्षक घोषित किया गया है।
बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य तथा ललित कला संस्थान आगरा की पूर्व निदेशक डॉ सरोज भार्गव संस्कार भारती के स्थापना काल 1981 से ही संस्कार भारती से जुड़ी हुई हैं। उनको राज्यपाल द्वारा कलाश्री योगेंद्र पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ साधना सिंह भी बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की चित्रकला विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष हैं और संस्कार भारती के स्थापना काल 1981 से ही संस्कार भारती से जुड़ी हुई हैं। उन्हें भी राज्यपाल द्वारा कलाश्री योगेंद्र पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया था।
________________________________________
लेडी लॉयल परिसर में बनेगा एडवांस बाल अस्पताल
आगरा, 12 मई। एसएन मेडिकल काॅलेज के लेडी लॉयल परिसर में सत्तर करोड़ की लागत से एडवांस बाल अस्पताल बनाया जाएगा। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ ही लोक निर्माण विभाग की टीम ने सर्वे शुरू कर दिया है। इसकी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र बनाई जाएगी।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता का कहना है कि इंटीग्रेटेड योजना में 200 बेड का आधुनिक बाल अस्पताल बनेगा। ये आठ मंजिला भवन होगा और इसमें 150 बेड सामान्य वार्ड में होंगे। पचास बेड का नवजात सघन चिकित्सा कक्ष भी होगा। जांच के लिए बच्चों को पैथोलॉजी विभाग नहीं जाना पड़ेगा। इसी में कलेक्शन सेंटर होगा। बच्चों में अस्थमा-टीबी और एलर्जी की बीमारी के लिए अलग से ब्रोंकोस्कॉपी लैब भी होगी। पेट की बीमारियों की जांच के लिए एंडोस्कोपी लैब भी होगी। इसी भवन में बच्चों की सर्जरी के लिए दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर भी बनेंगे। बाल रोग की ओपीडी भी इसी इमारत में लगेगी।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments