Agra News: खबरें आगरा की.....

कक्षा आठ तक के विद्यालय 20 को भी बंद, 09 से 12 की ऑनलाइन क्लासेज 
आगरा, 19 मई। जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बुधवार को भी नर्सरी से कक्षा आठ तक के स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कक्षा नौ से 12 तक क्लासों को ऑनलाइन संचालित करने को कहा है। ये निर्देश समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय, वित्तविहीन विद्यालय तथा समस्त बोर्डो से मान्यता प्राप्त समस्त माध्यमिक विद्यालयों पर लागू होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनगणना में कार्यरत शिक्षक / शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से स्वगणना कराया जाना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
_______________________________________
दीपक अग्रवाल ने प्रदेश उद्योग बंधु की बैठक में उठाए महत्वपूर्ण मुद्दे
आगरा, 19 मई। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल ने लखनऊ में हुई प्रदेश उद्योग बंधु की बैठक में एमएसएमई उद्योगों से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषय रखे।
बैठक में प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव एसपी गोयल एवं अवस्थापना तथा औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ उद्योगों से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल ने यूपीसीडा के अंतर्गत वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू करने की मांग की, जिससे लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान हो सके और उद्योगों को राहत मिल सके। इस पर प्रमुख सचिव एस. पी. गोयल ने कहा कि यूपीसीडा की OTS योजना बहुत शीघ्र लाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के ड्राफ्ट पर चर्चा हेतु लघु उद्योग भारती को आमंत्रित किया जाएगा। संगठन के सुझावों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
दीपक अग्रवाल ने प्रदूषण विभाग के अंतर्गत भी OTS योजना लाने का सुझाव दिया। बैठक में आगरा में निर्माण कार्यों हेतु NOC जारी न किए जाने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने कहा कि उद्योगों एवं व्यापारिक गतिविधियों को अनावश्यक रूप से बाधित करना उचित नहीं है तथा इस विषय में व्यावहारिक समाधान निकाला जाना चाहिए, जिससे विकास कार्य प्रभावित न हों। दीपक अग्रवाल ने कहा कि जिस प्रकार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सोलर ऊर्जा को लेकर स्पष्ट नीति निर्धारित है, उसी प्रकार MSME उद्योगों के लिए भी स्पष्ट गाइडलाइन बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों को किसी विशेष सब्सिडी की आवश्यकता नहीं है, बल्कि स्पष्ट और सरल नियम होने चाहिए ताकि छोटे उद्योगपति भी आसानी से सोलर ऊर्जा का लाभ ले सकें।
_______________________________________
सेंट्रल पार्क आवास विकास कॉलोनी में योग प्रशिक्षण शिविर
आगरा, 19 मई। गायत्री योग परिवार द्वारा 21 मई से 20 जून तक योग प्रशिक्षण शिविर सेंट्रल पार्क आवास विकास कॉलोनी में आयोजित किया जा रहा है। 
प्रतिदिन सुबह 5:00 से 7:00 बजे तक लगने वाले इस योग शिविर में विशेषज्ञों के निर्देशन में योग, शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य लाभ, योग के माध्यम से बीमारियों का निदान बताया जाएगा। 
 Get an exciting opportunity by clicking this advertisement
पुरुष और महिलाओं की अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए योगाचार्य अजय दुबे से मोबाइल फोन नंबर 7599102021 या 8077191606 पर संपर्क किया जा सकता है।
_______________________________________
लखनऊ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में  पुलिसकर्मियों को भेंट किए फूल
आगरा, 19 मई। लखनऊ में पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं पर लाठी चार्ज के विरोध में मंगलवार को राजीव गांधी बार एसोसिएशन द्वारा दीवानी कचहरी के गेट नंबर 2 पर पुलिसकर्मियों को गुलाब के फूल भेंट कर दोषी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करने तथा बर्खास्त करने के मांग की। बार के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा, महासचिव राजेंद्र गुप्ता, धीरज सचिव आईडी श्रीवास्तव पवन कुमार गौतम, दिनेश चंद्र शर्मा, ओंकार सिंह, बी एस फौजदार, लाखन सिंह, सत्य प्रकाश शर्मा, रामदत्त दिवाकर, अमरनाथ सोलंकी, मोहन सिंह, मुकेश कुमार,  पवन शर्मा, चंद्रभान निर्मल, रतीराम शामिल रहे।
_______________________________________
हिमालय विरासत न्यास ने किया आगरा की नूतन अग्रवाल 'ज्योति' और कुमार ललित का सम्मान
आगरा, 19 मई। हिमालय विरासत न्यास द्वारा नई दिल्ली के साहित्य अकादमी सभागार में रविवारीय कहानी वार्ता 'डॉ. निशंक का रचना संसार' के निर्बाध 150 संस्करण पूर्ण होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की केदारनाथ आपदा पर लिखी कहानियों पर सारगर्भित समीक्षात्मक वक्तव्य प्रस्तुत करने के लिए आगरा की नूतन अग्रवाल 'ज्योति' और कुमार ललित को अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। दिल्ली न जा पाने के कारण कुमार ललित का सम्मान पत्र भी नूतन अग्रवाल ने ही ग्रहण किया।
समारोह-अध्यक्ष कवि पद्मश्री डॉ. अशोक चक्रधर, साहित्य अकादमी के सचिव प्रो. वरुण गुलाटी, इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. के.जी. सुरेश, प्रो. दर्शन पांडे, अनिल जोशी, डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. श्रीनिवासन त्यागी, हिमालय विरासत न्यास के संरक्षक डॉ. बैचेन कांडियाल और अध्यक्ष आशना कांडियाल नेगी ने संयुक्त रूप से स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान करके सभी साहित्यकारों को सम्मानित किया।
_______________________________________
राजीव सोई कार्यकारी अध्यक्ष बने
आगरा, 19 मई। क्रीड़ा भारती प्रांत की एक बैठक में राजीव सोई को महानगर कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अरुण सविता को महानगर मंत्री बनाया गया। बैठक में क्षेत्रीय संयोजक राजेश कुलश्रेष्ठ ने यह घोषणा की। राजीव सोई पूर्व में मंत्री दायित्व का निर्वहन कर रहे थे। सह मंत्री मोहित वर्मा, शरद कुमार, राजेश कुशवाहा, रूपेश अग्रवाल उपस्थित रहे।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments