Agra News: खबरें आगरा की....
सांसद नवीन जैन का सामूहिक शपथ कार्यक्रम कल 27 को
आगरा, 26 मई। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन द्वारा “राष्ट्र प्रथम अभियान” के अंतर्गत 27 मई को सामूहिक शपथ संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सायं चार बजे संजय प्लेस एमजी रोड स्थित स्पीड कलर लैब के समीप होगा।
सांसद जैन ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम अभियान” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सामाजिक जागरूकता एवं जनभागीदारी को समर्पित एक व्यापक जन आंदोलन है। अभियान के माध्यम से स्वदेशी अपनाने, ईंधन बचत, कारपूलिंग, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सांसद ने युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर राष्ट्रहित के इस जनसंकल्प का हिस्सा बनने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को सामूहिक शपथ भी दिलाई जाएगी तथा राष्ट्रहित से जुड़े संकल्पों को दोहराया जाएगा।
________________________________________
डॉ हेडगेवार के जीवन और संघ स्थापना के घटनाक्रम पर नाटक 21 जून को सूरसदन में
आगरा, 26 मई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में संस्थापक हेडगेवार के जीवन और संघ की स्थापना के घटनाक्रम पर आधारित महानाट्य "युग प्रवर्तक डॉक्टर हेडगेवार" का मंचन 21 जून को सूरसदन ऑडिटोरियम में शाम 5 बजे से किया जाएगा।
समन्वयक तरुण शर्मा ने बताया कि नाटक का मंचन नागपुर (महाराष्ट्र) से के लगभग 50 कलाकारों का ग्रुप करेगा। नाटक के माध्यम से हेडगेवार की जीवनी, संघ के उद्देश्य और राष्ट्र निर्माण में सहयोग की जानकारी दी जाएगी।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सभी संगठन, शहर के प्रबुद्ध वर्ग को पास द्वारा एंट्री दी जाएगी जो पूर्ण रूप से नि:शुल्क रहेगी।
________________________________________
ताजमहल में 28 मई को तीन घंटे पर्यटकों को मिलेगी फ्री एंट्री
आगरा, 26 मई। ईद उल अजहा (बकरीद) पर 28 मई को ताजमहल में तीन घंटे पर्यटकों के लिए फ्री एंट्री रहेगी। सुबह सात बजे से 10 बजे तक नमाजियों और भारतीय और विदेशी टूरिस्ट को स्मारक में निशुल्क प्रवेश मिलेगा। इसके लिए उन्हें कोई टिकट नहीं लेनी होगी। हालांकि मुख्य मकबरे पर टिकट सिस्टम जारी रहेगा। मुख्य मकबरे पर जाने के लिए उन्हें 200 रुपये वाला अतिरिक्त टिकट लेना होगा। भारतीय पर्यटकों के लिए 50 रुपये वाला और विदेशी पर्यटकों को 1100 रुपये वाला टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी।
इससे पहले ईद उल अजहा के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में उत्तर प्रदेश शासन की ओर से बदलाव किया गया। पहले बकरीद का सार्वजनिक अवकाश 27 मई घोषित था लेकिन अब यह अवकाश 28 मई को रहेगा। चांद दिखने और त्योहार की वास्तविक तिथि को ध्यान में रखते हुए शासन की ओर से यह संशोधित आदेश जारी किया गया है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments