खंदौली टोल प्लाजा पर तेज रफ्तार एसयूवी ने वैगन आर में मारी पीछे से टक्कर, दो सगी बहनों की मौत, पांच घायल
आगरा, 26 मई। यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल प्लाजा पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। पांच अन्य लोग घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली से आगरा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार एसयूवी कार ने आगे चल रही वैगनआर कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मृत दो सगी बहनें वैगनआर कार में सवार थीं।
टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों और गार्डों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की से अस्पताल भिजवाया।
दुर्घटना में 36 वर्षीय रिहाना बेगम उर्फ रानी, पत्नी शाकित अली निवासी गुप्ता कॉलोनी, पुष्पा भवन, संगम विहार, दिल्ली और उसकी बड़ी बहन 42 वर्षीय अफसाना बेगम, पत्नी अफसर अली निवासी सौरभ विहार, जैतपुर, दिल्ली की मौत हो गई। कार में सवार बच्चों समेत अन्य लोग घायल हो गए।
दिल्ली के संगम विहार और जैतपुर क्षेत्र का एक परिवार वैगनआर कार से अपने गांव मैनपुरी जा रहा था। सुबह चार बजे पीछे से तेज गति से आ रही एसयूवी कार ने टक्कर मार दी।
घायलों में वैगन आर में सवार काका, हमजा (04 वर्ष), हीवा (06 वर्ष) और शबनम (38 वर्ष) शामिल हैं। एसयूवी सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments