रश्मि विहार में सात लाख की चोरी
आगरा, 26 मई। थाना एकता के अंतर्गत कहरई मोड़ पर रश्मि विहार स्थित एक मकान में बने पैथोलॉजी कैमिकल और मशीन ऑफिस से सात लाख रुपये की नकदी और सामान चोरी हो गया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चोर करीब 5.5 लाख रुपये नकद, आभूषण और दो कंप्यूटर चोरी कर ले गए। ऑफिस मालिक ने बताया कि उनका पैथोलॉजी के केमिकल और मशीनों का कारोबार है, जिसका संचालन इसी ऑफिस से होता है। चोरी ऑफिस में रखी अलमारी से की गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि पहले दो युवक ऑफिस के बाहर पहुंचते हैं और गेट पर लगे ताले को तोड़ने की कोशिश करते हैं। कुछ देर बाद दोनों बदमाश अंदर घुस जाते हैं और किसी नुकीले हथियार से अलमारी का दरवाजा तोड़कर उसमें रखा कैश और सामान निकाल लेते हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से मौके से फरार हो जाते हैं।
ऑफिस मालिक को सुबह पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments