Agra News-2: खबरें आगरा की -2....
केंद्रीय मंत्री बघेल ने 213 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे
आगरा, 23 मई। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल द्वारा आगरा कैंट स्थित 'उल्लास रेलवे अधिकारी क्लब' में 19वें ‘रोज़गार मेले’ का आयोजन किया गया। मेले में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने 213 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
शनिवार को देशभर के 47 स्थानों पर एक साथ ये मेले आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए और उन्हें संबोधित किया।
आगरा केंद्र पर जिन 213 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए उनमें रेलवे विभाग के 101, वित्तीय सेवाएं विभाग के 58, गृह मंत्रालय के 23, उच्च शिक्षा (AMU) के 16 और डाक विभाग के 15 अभ्यर्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर प्रो बघेल ने कहा कि यह ‘रोज़गार मेला’ सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र का सजीव उदाहरण है। सभी नवनियुक्त युवाओं को हार्दिक बधाई, पूरा विश्वास है कि सभी चयनित अभ्यर्थी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्य बोध के साथ राष्ट्र की सेवा करेंगे।
______________________________________
भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में सांसद ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद
आगरा, 23 मई। प्रतापपुरा स्थित रमाना ग्रांड में शुरू हुए भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के पांचवें सत्र को संबोधित करते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज और संगठन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन की कार्यशैली एवं राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। सत्र की अध्यक्षता विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने की।
______________________________________
गोकुलपुरा और राजा मंडी के लिए दो नई पानी की टंकियां स्वीकृत
आगरा, 23 मई। गोकुलपुरा और राजा मंडी क्षेत्र में पानी की समस्या के स्थायी समाधान दो नई पानी की टंकियां स्वीकृत की गई हैं।
इस निर्णय की जानकारी होने पर क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री और क्षेत्रीय विधायक योगेंद्र उपाध्याय का उनके निवास पर स्वागत किया।
इस दौरान योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि गोकुलपुरा, राजा मंडी क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति अलग होने की वजह से गंगाजल आपूर्ति में तकनीकी परेशानी आ रही थी, लेकिन अब जीआईसी ग्राउंड और किदवई पार्क में ओवरहेड वॉटर टैंक बनेंगे तो इस समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा।
______________________________________
नारी के जीवन संघर्ष को मंच पर जीवंत कर गया ‘सीता की मुक्ति
आगरा, 23 मई। नाट्यकर्म थिएटर द्वारा शुक्रवार की शाम संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में वोल्गा लिखित चर्चित नाटक ‘सीता की मुक्ति’ का सफल मंचन किया गया। नाटक ने महिलाओं के जीवन, संघर्ष, आत्मसम्मान और आत्मखोज की संवेदनशील यात्रा को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
नाटक की प्रस्तुति **माता सीता और उर्मिला** की कथा पर आधारित रही, जिसमें सीता अपने अस्तित्व और आत्मसम्मान की खोज में निकलती हैं। नाटक का हिंदी अनुवाद एवं निर्देशन मन्नू शर्मा द्वारा किया गया। मंचन में पार्थवी पराशर (सूत्रधार), माही अग्रवाल (उर्मिला) एवं मन्नू शर्मा (सीता) ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। जिला युवा अधिकारी श्रवण कुमार अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दीपक निगम, आर्निका माहेश्वरी, शुभम जाखड़, शिवांगी दुबे, सचिन गुप्ता, हर्ष भी उपस्थित रहे।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments