ताजमहल के मुख्य मार्ग पर ई रिक्शा पलटा, कई पर्यटक चुटैल
आगरा, 25 मई। ताजमहल के मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह पर्यटकों से भरा एक ई रिक्शा पलट जाने से कई लोग चुटैल हो गए। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पर्यटकों को रिक्शे से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार भी दिलाया गया।
बताया गया है कि ताजमहल के मुख्य मार्ग पर गंगाजल पाइपलाइन टूटने से पिछले चार दिनों से गंभीर स्थिति बनी हुई है। लगातार पानी बहने के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और कई स्थानों पर जलभराव व कीचड़ फैल गया है। कीचड़ और फिसलन की वजह से बैटरी रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन टूटने की शिकायत कई बार संबंधित विभागों से की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार बहते पानी से सड़क की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। ताजमहल आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई, तो बड़ा हादसा हो सकता है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments