वर्ष 2017 से पहलेे प्रदेश का खजाना खाली रहता था, आज सरकार विकास कार्यों पर भरपूर खर्च कर रही- जयवीर सिंह || लघु उद्योग भारती ने मनाया 33वाँ स्थापना दिवस समारोह

आगरा, 24 मई। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और आगरा के प्रभारी जयवीर सिंह ने रविवार को यहां कहा कि वर्ष 2017 से पहले इसी उत्तर प्रदेश में सरकारी खजाने में कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसा नहीं होता था। आज स्थिति बदल चुकी है। सरकार विकास कार्यों पर भरपूर खर्च कर रही है। 
पर्यटन मंत्री वाटर वर्क्स चौराहे के निकट स्थित अग्रवन में लघु उद्योग भारती के 33वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब विरासत की बात होती है तो अखंड भारत की याद आती है,  लेकिन धीरे-धीरे यह अखंडता विभाजित होती रही और उद्योगों का विकास भी ठहर गया। पिछली सरकारों में उद्योगों में आतंक का माहौल था। फिर जनता ने भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया उसी दिन से प्रदेश की तस्वीर बदलने की शुरुआत हो गई और आज पूरे प्रदेश में कानून का राज्य स्थापित हो चुका है। योगी शासन की चर्चा देश-विदेश में होने लगी है। लोग कहने लगे हैं कि हमें योगी जैसा शासन चाहिए। योगी सरकार के प्रयासों से ही प्रदेश में निवेश का वातावरण बन गया है। उद्योगों को अनेक सुविधाएं दी जा रही हैं। लाल फीताशाही, इंस्पेक्टर राज को खत्म कर दिया गया है। चालीस लाख करोड़ के निवेश का प्रस्ताव आ चुका है। सरकार लघु उद्योगों के विकास पर भी गंभीरता से कार्य कर रही है। कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें बढ़ रही हैं। जेवर एयरपोर्ट का लाभ आगरा को ही मिलने वाला है। बटेश्वर के मंदिरों के विकास के लिए ढाई सौ करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। वहाँ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की देश की सबसे ऊंची प्रतिमा लगाने का कार्य अगले माह से शुरू होने जा रहा है। विरासत को संजोए रखने के लिए करोड़ों रुपये की पर्यटन योजनाएं लागू की जा रही हैं। लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
लघु उद्योग भारती पुल का कार्य कर रही - दादू 
समारोह को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू ने कहा कि एमएसएमई चलाने वाले लोग देश की आर्थिक प्रगति की नीँव हैं। लघु उद्योग भारती लघु उद्योगों की मजबूती के लिए कार्य कर रही है, केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संगठन की मांगों को माना भी जा रहा है। उद्योगों और सरकारों के बीच लघु उद्योग भारती पुल का कार्य कर रही है। महिलाओं को आगे बढ़ाने पर भी संस्था का जोर है।
उन्होंने कहा कि कभी इस देश का निर्यात तीस प्रतिशत था, जो बाद में डेढ़-दो प्रतिशत रह गया। वर्तमान सरकार इस स्थिति को सुधारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
देश के सुनहरे भविष्य का रास्ता उद्योगों से होकर जाता है- राकेश गर्ग 
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय महामंत्री और लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि संस्था की स्थापना लघु उद्योगों को बचाने के लिए की गई थी। लघु उद्योग भारती की सक्रियता से ही सरकारों ने एमएसएमई मंत्रालयों का गठन किया। आने वाले समय में उद्योगों को राहत देने के कई कार्य किए जा रहे हैं, जिसके परिणाम निकट भविष्य में दिखाई देंगे। ई मार्केटिंग भी की जा रही है। देश के सुनहरे भविष्य का रास्ता उद्योगों से होकर जाता है।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
इससे पूर्व जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता और सभी पदाधिकारियों ने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू को गदा और स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया।
जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए लघु उद्योग भारती के इतिहास की चर्चा की और बताया कि यह संगठन देश का सबसे बड़ा औद्योगिक संगठन बन चुका है। संगठन एमएसएमई का स्तर उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
जूता कारोबारी ओपेन्दर सिंह लवली ने जूता उद्योग को बदहाल कहे जाने से इनकार करते हुए कहा कि जूता उद्योग के पास व्यापार की कमी नहीं है और आगामी दिवाली तक के ऑर्डर उपलब्ध हैं।
फार्मास्युटिकल उपकरणों के व्यापार से जुड़े किशोर खन्ना ने कहा कि फार्मास्युटिकल क्षेत्र में लघु उद्योग की कई संभावनाएं हैं। उन्होंने फार्मा सेक्टर के कानूनों को पुराना बताते हुए उनमें संशोधन कराने की मांग की।
सीए आरसी जैन, सीए नितेश गुप्ता ने भी विचार व्यक्त किए। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।
प्रारंभ में जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, महासचिव राजीव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का स्वागत किया। कोषाध्यक्ष संजीव जैन और दिनेश गुप्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू का स्वागत किया। राष्ट्रीय महामंत्री राकेश गर्ग का स्वागत आलोक और नितेश ने किया। राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल का स्वागत प्रवीण और वरुण ने किया। चर्म विकास परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर का स्वागत उमेश शर्मा और निखिल ने किया।
__________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments