केनरा बैंक के मलबे में दबी करोड़ों की संपत्ति की सुरक्षा को पीएसी तैनात, लॉकरों में भरा है सोना, कैश निकाला, बटोरने पहुंच गए थे लोग

आगरा, 24 अप्रैल। बेलनगंज स्थित केनरा बैंक शाखा भवन के गुरुवार को ढह जाने से मलबे में बैंक की नकदी, लाॅकर, गोल्ड और लोन संबंधी दस्तावेज भी दब गए। यह चर्चा क्षेत्र में फैली तो कुछ लोग मलबे से नकदी बटोरने पहुंच गए। बैंक अधिकारियों की मांग पर पुलिस प्रशासन ने यहां पीएसी को तैनात कर दिया। पीएसी ने बैंक के बगल के रास्ते से लोगों का आवागमन बंद कर दिया।
खबरों के मुताबिक, बैंक में लाॅकर, गोल्ड, लोन संबंधी दस्तावेज सुरक्षित हैं। गुरुवार रात को ही बैंक का पूरा कैश निकाल लिया गया था। इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भी सौंप दी गई है। मलबे में दस्तावेज, पासबुक हैं। बैंक का तीन सौ करोड़ का लेनदेन है, शुक्रवार दोपहर में छत के रास्ते से लाॅकर, गोल्ड और लोन संबंधी दस्तावेज निकालने के लिए रास्ता बनाने में टीम जुटी रहीं। केनरा बैंक शाखा में बड़ी संख्या में लाॅकर हैं। इनमें करोड़ों रुपये का सामान रखा है। इमारत के मलबे में लाॅकरों की चाभियां भी दब गई हैं। रेस्क्यू टीम और बैंककर्मियों ने मलबे में चाभियाें की तलाश की, लेकिन नहीं मिलीं। लाॅकरों की सुरक्षा को पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
बराबर में निर्माणाधीन 40 फीट गहरे मॉल में बैंक के रजिस्टर, दस्तावेज मलबे में दिखाई दे रहे हैं। मलबे में बैंक की स्लिप और दस्तावेज पड़े हुए हैं।
बैंक प्रबंधन द्वारा ग्राहकाें को सात दिन का समय दे दिया गया है। मलबे में बैंक के कैश काउंटर पर रखा कैश भी दब गया था। कुछ कैश बैंक के स्ट्रांग रूम में रखा था। इस तरह 25 लाख रुपये पुलिस सुरक्षा में बेलनगंज से कचहरी घाट बैंक में शिफ्ट कर दिए गए। बेलनगंज शाखा फिलहाल कचहरी घाट शाखा में संचालित होगी। ग्राहक केनरा बैंक की किसी भी शाखा से लेनदेन कर सकते हैं। सात दिन बाद लोग अपने लॉकर भी खोल सकेंगे।
_________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments