एम्स में कार्यरत आगरा के सर्जन डॉ.बाबुल बंसल ने बनाया नया कीर्तिमान! दुनिया में पहली बार अपनाई सफल तकनीक

आगरा, 25 अप्रैल। नई दिल्ली में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कार्यरत ताजनगरी के मूल निवासी सर्जन डॉक्टर बाबुल बंसल और साथी डॉक्टरों ने मेडिकल तकनीक का बेहतर इस्तेमाल कर नया कीर्तिमान बनाया है।
लिफ नोड की जिस सर्जरी के लिए दोनों पैर और पेट में तीन अलग-अलग बार रोबोट लगाना पड़ता है। तीनों बार 5-5 की-होल करने पड़ते थे। अब एम्स के चिकित्सकों ने सिर्फ एक बार पेट में रोबोट लगाकर तीनों सर्जरी एक सीटिंग में पूरी की है। दावा है कि इस प्रकार की स्थिति में एक बार रोबोट लगाकर तीनों सर्जरी करना दुनिया में पहली बार हुआ और लिफ नोड पूरा निकालने में भी सफलता मिली। रिकवरी भी तेज हुई।
एम्स के आंकोलॉजी सर्जन डॉक्टर सुनील कुमार और डॉ. बाबुल बंसल ने बताया कि लिंग और योनी कैंसर में ग्रोइन के लिफ नोड निकालना पड़ता है। इसमें दोनों पैर और पेट से नोड निकालनी पड़ती है। इस सर्जरी के लिए रोबोट का इस्तेमाल लंबे समय से हो रहा है, लेकिन दिक्कत यह थी कि पहले एक पैर के लिए रोबोट लगाना पड़ता था। इसमें 5 की-होल यानि 8 एमएम का छेद करना पड़ता था। इस प्रकार दूसरे पैर में और फिर पेट में भी रोबोट सेट करना पड़ता था, जिससे मरीजों को परेशानी होती थी और बार-बार रोबोट सेट करना पड़ता था।
सर्जरी की खासियत और नई पहल के बारे में कैंसर सर्जन डॉक्टर बाबुल बंसल ने बताया कि तीन अलग-अलग बार रोबोट के इस्तेमाल से कॉम्प्लीकेशन का खतरा ज्यादा रहता था। पहले एक पैर की सर्जरी, फिर दूसरी और फिर पेट की। हमने सोचा कि क्यों न एक बार में सर्जरी की जाए और इसके लिए हमने पेट में एक बार रोबोट लगाया और सिर्फ 5 छेद के जरिए रोबोट सेट किया और एक बार में दोनों पैर यानि थाई के नीचे और पेट से लिंफ नोड निकाल लिए। इसमें लिंफ नोड भी अच्छी तरह से निकला। अब तक हम इस तकनीक से छह मरीजों की सर्जरी कर चुके हैं। रिकवरी भी फास्ट हुई। डॉक्टर बाबुल बंसल ने दावा किया कि वैश्विक स्तर पर रोबोट का इस प्रकार इस्तेमाल कर पहली बार सर्जरी की गई है।
डॉ. बाबुल बंसल न्यू आगरा कम्युनिटी हॉल के सामने निवास करने वाले संजय बंसल और सुमन बंसल के पुत्र हैं।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments