प्रेम प्रसंग की शिकायत थाने में पहुंचते ही बदल गया माहौल, मंदिर में हुआ विवाह, दोनों परिवारों के चेहरों पर छाई मुस्कान

आगरा, 24 अप्रैल। थाना मलपुरा क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। प्रेम प्रसंग का विवाद थाने तक पहुंचा, लेकिन फिर शादी में बदल गया और दोनों परिवारों के चेहरों पर मुस्कान छा गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्र के एक युवक और युवती के लंबे समय से एक-दूसरे को पसंद करते थे, लेकिन जब युवती ने शादी की बात कही तो युवक और उसके परिजन तैयार नहीं हुए। समय बीतता गया, लेकिन युवती अपने फैसले पर अडिग रही। कई बार समझाने और मनाने के बावजूद जब युवक पक्ष नहीं माना, तो युवती ने हिम्मत दिखाते हुए मलपुरा थाने का रुख कर लिया। थाने में शिकायत पहुंचते ही युवक पक्ष में हलचल मच गई। दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने लगा।
यहीं से कहानी ने नया मोड़ लिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र वशिष्ठ ने युवती से लिखित तहरीर देने को कहा, लेकिन वह तुरंत तहरीर पेश नहीं कर सकी। इसी बीच गांव के जिम्मेदार लोग और पंचायत आगे आए और दोनों परिवारों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। 
धीरे-धीरे माहौल नरम पड़ा और बातचीत समझौते में बदल गई। कुछ ही देर में दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद बिना किसी देरी के थाने के बाहर स्थित मंदिर में युवक-युवती का विवाह सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न करा दिया गया।
शादी के दौरान दोनों परिवारों के सदस्य, स्थानीय लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। कुछ समय पहले तक तनावपूर्ण रहा माहौल खुशी और उत्साह में बदल चुका था।
थाना प्रभारी राजेंद्र वशिष्ठ का कहना है कि बाद में युवती ने स्वयं थाने आकर सूचित किया कि उसने अपनी मर्जी से विवाह कर लिया है और अब वह किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। 
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments