अफसरों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आगरा में बुजुर्ग ने खा लिया जहर! वीडियो बनाकर सीएम योगी पर कसा तंज

आगरा, 03 अप्रैल। सरकारी अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए थाना पिनाहट क्षेत्र में एक बुजुर्ग ने न्याय नहीं मिलने पर जहर खा लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना द्वितीय नहर पंप हाउस के पास की बताई गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बृजमोहन शर्मा ने विषाक्त पदार्थ खाने के बाद मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी बनाया जिसमें उन्होंने न्याय न मिलने और अधिकारियों पर उत्पीड़न करने के आरोप लगाए। वीडियो में वह रोते कहते दिख रहे हैं- "योगी जी, आप सरकार चलाओ, मैं तो जा रहा हूं, आपके अधिकारी भ्रष्ट हैं।"
खबरों के अनुसार, पीड़ित बृज मोहन शर्मा लंबे समय से अपनी पैतृक जमीन को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि दबंगों ने पुलिस की मिलीभगत से उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया और विरोध करने पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए। पीड़ित का यह भी कहना है कि पूर्व में उन पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल होकर विकलांग हो चुके हैं।
वायरल वीडियो में बुजुर्ग फूट-फूटकर रोते नजर आये। उन्होंने कहा कि कई बार थाने और अधिकारियों के पास जाने के बावजूद उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने और सीएम आवास तक जाने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि राजस्व अधिकारी ही जमीन पर कब्जा करा रहे हैं और थाने की पुलिस फर्जी मुकदमे लगाकर उनका उत्पीड़न कर रही है। उन्हें घर में कैद कर दिया गया है। पुलिस उन्हें इलाज तक के लिए घर से बाहर नहीं निकलने दे रही। ऐसी हालत में वे उनके पास मरने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है।
वीडियो में बृज मोहन शर्मा ने सीएम योगी को संबोधित करते हुए कहा- योगी जी, अब आप आराम से सरकार चलाइए। आपके सारे अधिकारी भ्रष्ट हैं। वे पीड़ित की नहीं सुनते। मुझ जैसे बुजुर्ग को न्याय मिलना तो दूर, उल्टे फर्जी मुकदमे लाद दिये गये।
घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले में उच्चाधिकारियों से बात कर पीड़ित को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments