आगरा के क्रिकेट जगत को बड़ी क्षति, वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी मधुसूदन मिश्रा नहीं रहे
आगरा, 04 अगस्त। शहर के खेलप्रेमियों के लिए शुक्रवार की सुबह दुःखद खबर लेकर आई। वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी मधुसूदन मिश्रा का गुरुवार की रात निधन हो गया। मधुसूदन मिश्रा पिछले कुछ माह से अस्वस्थ चल रहे थे और नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका इलाज चल रहा था।
64 वर्षीय मधुसूदन मिश्रा शहर के प्रमुख क्रिकेट खिलाड़ियों में गिने जाते थे। वे आगरा कॉलेज क्रिकेट टीम के कप्तान रहे थे। इसके अलावा आगरा विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम के सदस्य, जिला क्रिकेट टीम, सनातन क्लब, आगरा जिमखाना क्लब, ताज एकादश से खेले और कप्तानी भी की। वे बच्चों के लिए विविधा क्रिकेट अकादमी भी संचालित करते रहे।
उनके पिता बीएस मिश्रा आगरा कॉलेज में हिंदी विभागाध्यक्ष थे। मधुसूदन मिश्रा ने करियर के शुरुआती दिनों में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आई बी) में भी नौकरी की थी, पारिवारिक कारणों से उन्होंने इसे छोड़ दिया था। वे युवाओं के लिए पीसीएम की कोचिंग भी चलाते थे।
मधुसूदन मिश्रा लिवर की बीमारी से पीड़ित थे, पूर्व में शहर के अलावा जयपुर में भी उनका इलाज चला, फिर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया, गुरुवार को उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके पार्थिव शरीर को शुक्रवार की सुबह यहां ले आया गया। उनका अंतिम संस्कार पूर्वान्ह 11 बजे ताजगंज स्थित विद्युत शवदाह गृह में किया जाएगा।
उनके निधन पर बुजुर्ग क्रिकेट खिलाड़ी और शिक्षक- पत्रकार अशोक गुप्ता, विविधा क्रिकेट अकादमी के अध्यक्ष समीर चतुर्वेदी, नवीन गोस्वामी, अतुल सोलंकी, अनवर खान, रमन दीक्षित, सर्वेश भटनागर, संजय तिवारी, अतुल चतुर्वेदी, प्रवीन शर्मा सहित अनेक खिलाड़ियों ने गहरा शोक व्यक्त करते खेल जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। बलदेव भटनागर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मधुसूदन नए खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के साथ भूतपूर्व खिलाड़ियों के बीच प्रति वर्ष फेस्टिवल मैच कराते थे। समीर चतुर्वेदी ने कहा कि वे सभी को जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments