आगरा में ऑनर किलिंग से हड़कंप, 17 साल की बेटी के इश्क से नाराज पिता ने कर दी हत्या, खुद पुलिस को फोन कर कहा- आ जाओ, मैंने मार दिया

आगरा, 03 सितंबर। जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना एकता क्षेत्र के पचगाई खेड़ा गांव में एक पिता ने अपनी ही 17 साल की नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पिता चंद्रवीर ने बेटी के सिर और गले पर लोहे के धारदार औजार से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी न तो भागा और न ही छिपा, बल्कि घर में ही बैठकर खुद पुलिस को फोन किया और कहा कि उसने अपनी बेटी को मार दिया है।
गांव में चर्चा के अनुसार मृतका का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता को यह रिश्ता बिल्कुल पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर घर में कलह होती रहती थी।
दो दिन पहले घर से चली गई थी बेटी, लौटने पर हुआ खूनी अंत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक अहम बात सामने आई कि युवती दो दिन पहले बिना बताए घर से चली गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। दो दिन बाद जब वह घर लौटी तो घर में तनाव और बढ़ गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम इसी बात को लेकर पिता और बेटी में फिर झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर पिता ने पास में रखा लोहे का औजार उठाया और बेटी पर हमला कर दिया।
खुद दी पुलिस को सूचना
वारदात को अंजाम देने के बाद चंद्रवीर ने खुद डायल 112 और थाना एकता पुलिस को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीपी एत्मादपुर यतेंद्र नागर थाना एकता पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने घर के अंदर खून से लथपथ पड़ी लड़की का शव बरामद किया और आरोपी पिता को मौके से ही हिरासत में ले लिया। थाने लाकर उससे पूछताछ की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, खून के नमूने और हत्या में प्रयुक्त औजार को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
इश्क की कहानी का ऐसा खौफनाक अंत देखकर पूरा गांव सन्न रह गया। पुलिस अब कई बिंदुओं पर जांच कर रही है - लड़की दो दिन कहां और किसके साथ रही, क्या पड़ोसी युवक भी उसके साथ था, हत्या से पहले क्या बात हुई और क्या यह पूरी तरह ऑनर किलिंग है?
एसीपी यतेंद्र नागर ने मीडिया को बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में लिया गया है, पूछताछ जारी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments