सनसनीखेज: मथुरा में गोकुल बैराज के पास यमुना किनारे मिला एसपी ट्रैफिक के पेशकार दरोगा का शव, सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारने का अंदेशा

मथुरा, 03 सितम्बर। मथुरा में तैनात एक दरोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के गोकुल बैराज के पास यमुना नदी किनारे गुरुवार को वर्दी पहने दरोगा का शव पड़ा मिला। सिर में बीचोंबीच गोली लगी थी और पास में ही उनका सरकारी रिवॉल्वर पड़ा था। सूचना मिलते ही एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
2019 बैच के दरोगा थे पंकज
मृतक की पहचान सब इंस्पेक्टर पंकज कुमार यादव के रूप में हुई। पंकज 2019 बैच के दरोगा थे और मूल रूप से एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वर्तमान में उनकी तैनाती मथुरा में एसपी ट्रैफिक कार्यालय में पेशकार के पद पर थी। बताया गया है कि पंकज मथुरा के दामोदरपुरा इलाके में अपना नया मकान भी बनवा रहे थे।
दोपहर घर से वर्दी में निकले थे
एसएसपी श्लोक कुमार ने मीडिया को बताया कि गुरुवार की दोपहर पंकज कुमार ड्यूटी से अपने घर गए थे। कुछ देर घर पर रुकने के बाद वह वर्दी में ही बाहर निकल गए। समझा जाता है कि कुछ ही देर बाद गोकुल बैराज के पास उन्होंने खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राहगीरों ने यमुना किनारे वर्दी में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।
पत्नी सदर थाने में सिपाही
पंकज की पत्नी दीप्ति उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं और उनकी तैनाती मथुरा के सदर थाने में ही है। पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या मानी जा रही है। हालांकि पुलिस ने पहले हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच शुरू की थी। बाद में घटनास्थल की स्थिति और रिवॉल्वर मिलने के आधार पर इसे आत्महत्या करार दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और परिजनों व पत्नी से भी पूछताछ की जाएगी।
_______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments