चौकी इंचार्ज ने ऐसा क्या बोला कि भड़क गया अग्रवाल समाज! अफसरों ने किया दरोगा और सिपाही को लाइन हाजिर
आगरा, 03 सितम्बर। जिले में पुलिस की कार्यशैली को लेकर दो दिन में दूसरा विवाद सामने आया है। एक दिन पहले एत्मादपुर में शांतिपूर्ण धरने पर लाठीचार्ज से माहौल बिगड़ा था, अब फतेहपुर सीकरी में वैश्य समाज की बैठक में चौकी इंचार्ज पर समाज को अपशब्द कहने का आरोप लगा है। आक्रोशित समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। देर रात अधिकारियों ने आरोपी दरोगा और सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बुधवार की रात फतेहपुरसीकरी कस्बे के जय श्रीराम मंदिर परिसर में अग्रवाल सेवा समिति की आम सभा की बैठक चल रही थी। बैठक में समाज के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हो रही थी। बताया गया है कि बैठक के दौरान व्यवस्था को लेकर कुछ लोगों ने पुलिस को भी मौके पर बुला लिया था। आरोप है कि मौके पर पहुंचे कस्बा चौकी इंचार्ज ने बैठक में मौजूद लोगों से तीखी बहस शुरू कर दी और डांटते हुए पूरे समाज के लिए अपशब्द कह दिए। इससे वहां मौजूद बुजुर्गों और पदाधिकारियों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने कहा कि सार्वजनिक मंच पर समाज को अपमानित किया गया, यह बर्दाश्त नहीं है।
घटना के बाद अग्रवाल समाज के लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने पहुंच गए। समाज के लोगों ने थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और आरोपी कस्बा इंचार्ज व साथ रहे सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए समाज के पदाधिकारियों ने आगरा सांसद और भाजपा जिलाध्यक्ष को भी फोन कर घटना से अवगत कराया। देर रात तक बड़ी संख्या में समाज के लोग थाने के बाहर एकत्र रहे और कार्रवाई न होने तक धरने पर बैठने की चेतावनी दी।
हंगामा बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी कस्बा चौकी इंचार्ज और एक सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments