बुजुर्गों की सेवा से पुनीत कार्य दुनिया में कुछ नहीं || अनुभव निधि आश्रम ने मनाया वार्षिकोत्सव

आगरा, 12 अप्रैल। बुजुर्गों का अकेलापन दूर कर, उनके अनुभवों की निधि से समाज को लाभान्वित कर रहे अनुभव निधि आश्रम का पंचम वार्षिकोत्सव रविवार शाम उजरई- हाथरस रोड स्थित आश्रम परिसर में मनाया गया। मुख्य अतिथि विधायक धर्मपाल सिंह थे। 
अनुभव निधि आश्रम के हरे भरे प्राकृतिक रमणीक वातावरण, फूलों-फलों और औषधियों से वातावरण को दिव्यता प्रदान करते पेड़-पौधों, 40 गोवंश की सेवा, नियमित योग, प्राथमिक चिकित्सा, भगवान की पूजा और सत्संग के साथ यहाँ निवासित नारायण व नारायणी के लिए उनके अनुभव के आधार पर स्वावलंबन योजना में उनकी सहभागिता से समाज के स्वास्थ्य हेतु शुद्ध उत्पाद उपलब्ध कराने की पहल को सबकी सराहना मिली। 
अध्यक्ष विजय खन्ना, गोविंद प्रसाद अग्रवाल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, विनय सिंघल ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन डॉ. संजय बंसल ने किया।
वार्षिक उत्सव के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारतीय संस्कृति की इंद्रधनुषी छटा बिखेरी। अन्नपूर्णा महिला समिति ने रामायण के केवट प्रसंग पर आधारित नाटिका और कान्हा के भजनों पर समूह नृत्य से समाँ बाँध दिया। सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर के संगीत शिक्षक प्रवीन शर्मा के निर्देशन में विजेंद्र, दिनेश शर्मा और छात्र अंश गुप्ता ने अपने भजनों और गीत-संगीत से सभी को भाव-विभोर कर दिया। 
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments