डीपीएस मारपीट प्रकरण पर वरिष्ठ पत्रकार विनोद भारद्वाज की तीखी प्रतिक्रिया- स्कूल की चारदीवारी के भीतर प्रवेश के बाद छात्र की सुरक्षा की पूर्ण जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की!
आगरा, 26 अप्रैल। दिल्ली पब्लिक स्कूल शास्त्रीपुरम में विगत दिवस छात्रों के बीच हुई लड़ाई में एक छात्र के दांत तोड़े जाने की घटना शहर में खासी चर्चा का विषय बनी हुई है। वरिष्ठ पत्रकार और दैनिक जागरण के पूर्व संपादकीय प्रभारी विनोद भारद्वाज ने घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन पर सवाल खड़े किए हैं।
विनोद भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा- "डीपीएस शास्त्रीपुरम की घटना ने एक बार फिर हमारे शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। संस्थाएं अक्सर “समय” और “नियमों” की ओट लेकर अपने कर्तव्य से बचने का प्रयास करती हैं। किंतु सच्चाई यह है कि जैसे ही एक बच्चा स्कूल की चारदीवारी के भीतर प्रवेश करता है, उसकी सुरक्षा की पूर्ण जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की होती है- चाहें घड़ी में कक्षा का समय शुरू हुआ हो या नहीं।
यह कहना कि घटना “स्कूल शुरू होने से पहले” हुई, न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि यह उस मूल भावना के भी विरुद्ध है जिसके लिए अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजते हैं- सुरक्षा, अनुशासन और संरक्षण।
गौरतलब है कि डीपीएस स्कूल की ओर से जारी पत्र में यह सफाई दी गई थी कि यह घटना स्कूल का दिन शुरू होने से पहले हुई।
पत्रकार विनोद भारद्वाज ने लिखा, "जिस प्रकार बच्चे को गंभीर चोटें आईं, वह केवल बच्चों के बीच झगड़ा नहीं, बल्कि स्कूल की निगरानी व्यवस्था की विफलता का स्पष्ट प्रमाण है। इससे भी अधिक चिंताजनक यह है कि घायल बच्चे को तुरंत चिकित्सकीय सहायता देने के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाने के बजाय अभिभावकों के आने का इंतजार किया गया। आपात स्थिति में पहला कर्तव्य जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा है, न कि औपचारिकताओं का पालन।"
उन्होंने लिखा-ं "स्कूल केवल शिक्षा देने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का दायित्व भी निभाते हैं। यदि इस बुनियादी जिम्मेदारी में चूक होती है, तो यह केवल एक संस्थान की नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न है।"
भारद्वाज ने जिम्मेदारी तय करने की बात की और कहा कि बच्चों की सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं हो सकता। यह बहस का विषय नहीं, कर्तव्य का प्रश्न है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments