मंटोला में जूता फैक्ट्री में भीषण आग, बिल्डिंग का पिछला हिस्सा ढहा, फायर ब्रिगेड की सात दमकलों ने पाया काबू, परिवार को सुरक्षित निकाला
आगरा, 27 अप्रैल। थाना मंटोला क्षेत्र में स्थित एक जूता फैक्ट्री में सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे आग लग गई। आग ने शीघ्र विकराल रूप धारण कर लिया। भीषण आग के कारण तीन मंजिला बिल्डिंग का पीछे का हिस्सा ढह गया। पहली मंजिल पर मौजूद परिवार और फैक्ट्री में फंसे तीन लोगों को अग्निशमन कर्मियों ने सुरक्षित निकाल लिया। फायर ब्रिगेड की सात दमकलों ने करीब डेढ़ घंटे के प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित किया। पूर्वान्ह साढ़े ग्यारह बजे तक आग को पूरी तरह बुझाने के प्रयास जारी थे।
मंटोला डिवीजन चौकी के सामने स्थित यह फैक्ट्री शाहिद लतीफ नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। "जे एंड एम” नाम से संचालित इस फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। फैक्टरी में जूता बनाने में इस्तेमाल होने वाले कैमिकल भी रखे हुए थे, जिनसे आग और भड़क गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेन्द्र सिंह, अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर और सात दमकलें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने पहली मंजिल पर फंसे परिवार और फैक्ट्री में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया गया है कि आग की तीव्रता अधिक होने के बिल्डिंग का पिछला हिस्सा ढह गया। आग की लपटें पुलिस चौकी के सामने स्थित एक कोठी तक भी लपटें पहुंच गईं। सूचना मिलते ही एसीपी कोतवाली भी मौके पर पहुंच गए।
यह घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण आग लगने से क्षेत्रीय लोगों में दहशत फैल गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments