तेज रफ्तार कार ने ली एक और राहगीर की जान, पश्चिमपुरी पर देर रात हादसा
आगरा, 10 अप्रैल। शाहगंज क्षेत्र के एक ट्रांसपोर्टर को तेज रफ्तार कार द्वारा टक्कर मारे जाने का मामला अभी तूल पकड़े हुए है, इस बीच थाना सिकंदरा क्षेत्र के अंतर्गत पश्चिमपुरी मार्ग पर भी गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार द्वारा राहगीर को उड़ा दिए जाने का मामला सामने आया। हादसे में राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। चालक कार को भगा ले गया, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे उसकी तलाश कर रही है।
खबरों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि राहगीर करीब 20 फीट तक सड़क पर घिसटता हुआ किनारे खड़ी कार से जा टकराया। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में दिखाए जा रहे समय के अनुसार यह घटना गुरुवार की देर रात्रि करीब एक बजकर दस मिनट पर घटी।
आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की शिनाख्त कुलदीप शर्मा के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक किसी निजी कंपनी में कार्यरत था। दुर्घटनास्थल पर उसके हाथ से गिरा टिफिन जैसा बर्तन भी देखा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक कुलदीप शर्मा के परिवार में 13 साल की बेटी और दस साल का बेटा बताया गया है।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments